ताखा। कस्बे में वर्षों से बदहाल पड़ी नाली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नालियों पर किए गए अतिक्रमण के कारण उत्पन्न जलभराव की समस्या को देखते हुए एसडीएम श्वेता मिश्रा और थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने व्यापारियों के साथ गुरुवार को थाना परिसर में बैठक की। इसमें तीन दिन के भीतर नालियों से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई।

कस्बे में पिछले लगभग दस वर्षों से नालियों की समुचित सफाई न होने के कारण अधिकांश नालियां पूरी तरह चोक हो चुकी हैं। हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश के दौरान नालियों का गंदा पानी घरों और दुकानों में घुस गया था जिससे लोगों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।

बैठक में एसडीएम श्वेता मिश्रा ने कहा कि नालियों की सफाई एक छोर से दूसरे छोर तक कराई जाएगी। उन्होंने व्यापारियों और मकान मालिकों से अपील करते हुए कहा कि नालियों के ऊपर बनाए गए रैंप, सीढ़ियां व अन्य अवैध निर्माण तीन दिन के भीतर स्वयं हटा लें। थानाध्यक्ष ने कहा कि अभियान में यदि कोई व्यक्ति सफाई कार्य में बाधा उत्पन्न करता है या सरकारी कार्य में अवरोध डालता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एडीओ पंचायत भगवान दास ने बताया कि सोमवार से विशेष सफाई अभियान शुरू होगा। बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष रवि चक्रवर्ती, अनिल कौशल, भारतीय किसान संगठन के जिलाध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, शिवम गुप्ता, लक्ष्मीकांत गुप्ता आदि मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *