बरेली में सप्ताह भर से तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज हो रहा था। बृहस्पतिवार की शाम आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश से थम गया। बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से निजात मिली है। मौसम विभाग ने चार दिन बाद फिर सक्रिय विक्षोभ हावी होने से बादल मंडराने और अनुकूल माहौल बनने पर बारिश के आसार जताए हैं।
पांच मई से फिर बदलेगा मौसम
बेमौसम बारिश से राहत के बाद मई के शुरुआती तीन दिन में पारे में 4-6 डिग्री सेल्सियस की बढ़त मुमकिन है। पांच मई को अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से फिर बारिश के अनुकूल माहौल बनेगा। इससे पारे में गिरावट होगी। बृहस्पतिवार को अधिकतम पारा 35.1 और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
कहीं पेड़ गिरे तो कहीं बाउंड्री
आंधी के साथ हुई बारिश से शहर और देहात में कई जगह पेड़ गिरे। कोहाड़ापीर में सराफा कारोबारी राजीव गुप्ता के प्रतिष्ठान की बाउंड्री गिरने से एक बाइक दब गई। होर्डिंग्स, बैनर हवा से उड़कर दूर जा गिरे। इससे यातायात प्रभावित रहा। कुछ जगहों पर छोटे-छोटे ओले गिरने की भी सूचना मिली।
आंधी के दौरान सर्किट हाउस चौराहा के पास विशाल पेड़ गिर गया, जिससे यातायात बाधित रहा। गनीमत रही कि पेड़ की चपेट में कोई नहीं आया। उधर, बड़ा डाकखाना के भी पास भी पेड़ गिरा।




