बंगाल की खाड़ी पर पश्चिमी विक्षोभ के असर ने मानसून को गति दे दी है। कानपुर परिक्षेत्र में पांच दिन में ही पूरे अगस्त माह की सामान्य औसत 73.2 फीसदी बारिश हो गई। बुधवार को मानसूनी सीजन की दूसरी सबसे अधिक 64.5 मिमी बारिश हुई। इसके पहले तीन जुलाई को एक दिन में 99.8 मिमी बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने आने वाले दो दिन में यही स्थिति रहने का अनुमान जताया है।
अगस्त के पांच दिन में अभी तक 177.6 मिमी बारिश हो चुकी है। अगस्त की सामान्य औसत बारिश 242.6 मिमी है। सीएसए के मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि दो दिन और मौसम प्रणालियां इसी तरह बनी रहेंगी। इसके बाद मौसम खुल जाएगा। बंगाल की खाड़ी से सबसे अधिक नमी हो रही हैं। इस वजह से मानसून तेजी पकड़े हुए है।
