व्हाट्सएप लगातार एक से एक फीचर्स पर काम कर रहा है। अब कंपनी एक ऐसा फीचर लाने की तैयारी में है, जिससे यूजर्स बिना किसी की चैट खोले ही यह देख पाएंगे कि कौन-कौन ऑनलाइन है और कौन हाल ही में एक्टिव था। इसके अलावा व्हाट्सएप एक नया स्टोरेज मैनेजमेंट फीचर भी टेस्ट कर रहा है, जिससे फोन में जगह खाली करना आसान हो जाएगा। ध्यान रहे कि व्हाट्सएप का यह प्राइवेसी नियम यहां भी लागू रहेगा, आप किसी दूसरे का ऑनलाइन स्टेटस तभी देख पाएंगे, जब आपने खुद का ऑनलाइन स्टेटस भी दूसरों के लिए On रखा हो।
नया कॉन्टैक्ट्स कैसे काम करेगा?
WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, आईफोन (iPhone) के लेटेस्ट बीटा वर्जन में एक नए कॉन्टैक्ट्स हब (Contacts Hub) के बारे में बताया गया है। इससे पहले मार्च में एंड्रॉयड यूजर्स के लिए भी बीटा अपडेट 2.26.13.1.3 जारी किया गया था, जिसमें बिना चैट खोले एक्टिव कॉन्टैक्ट्स देखने की सुविधा मिली थी। यह नया फीचर एप के इंटरफेस को पूरी तरह बदलने वाला है।

रिपोर्ट्स के अनुसार व्हाट्सएप की सेटिंग्स के अंदर, यूजर की प्रोफाइल फाेटो के ठीक नीचे एक नया Contacts सेक्शन पेश करेगा। इस सेक्शन में उन लोगों की पूरी लिस्ट होगी जो हाल ही में ऑनलाइन आए हैं। जो कॉन्टैक्ट्स उस समय लाइव ऑनलाइन होंगे, वे लिस्ट में सबसे ऊपर दिखाई देंगे और उनकी प्रोफाइल पिक्चर पर एक हरा डॉट बना होगा। वहीं, लाइव ऑनलाइन यूजर्स के ठीक नीचे, व्हाट्सएप उन कॉन्टैक्ट्स को दिखाएगा जो कुछ समय पहले एक्टिव रहे हैं। यह लिस्ट समय के क्रम (Chronological Order) में होगी, जिससे पता चल जाएगा कि कौन कब एक्टिव था।
फेवरिट्स मैनेजमेंट और मैन्युअल सर्चिंग भी होगी आसान
इस नए कॉन्टैक्ट्स हब में यूजर्स को कई और एडवांस कंट्रोल्स मिलने वाले हैं। व्हाट्सएप इस नए सेक्शन में आपके चुनिंदा चार फेवरिट कॉन्टैक्ट्स को भी सबसे ऊपर डिस्प्ले करेगा। यूजर्स यहां से अपनी फेवरिट लिस्ट को आसानी से मैनेज और अपडेट कर सकेंगे।
- सॉर्टिंग और सर्च बार: यूजर्स के पास विकल्प होगा कि वे अपनी कॉन्टैक्ट लिस्ट को ऑनलाइन स्टेटस के बजाय सीधे नाम के हिसाब से (अल्फाबेटिकल ऑर्डर में) सॉर्ट कर सकें। इसके अलावा, किसी को भी ढूंढने के लिए एक डेडिकेटेड सर्च बार मिलेगा।
- QR कोड और मैन्युअल एडिंग: इस हब के जरिए यूजर्स फोन नंबर मैन्युअल टाइप करके या सामने वाले का क्यूआर कोड स्कैन करके भी सीधे नए व्हाट्सएप कॉन्टैक्ट्स जोड़ सकेंगे।
चैट डिलीट किए बिना स्टेटस मीडिया हटाना होगा आसान
ऑनलाइन ट्रैकर के साथ-साथ व्हाट्सएप फोन का स्टोरेज फुल होने की समस्या से निपटने के लिए एक और शानदार फीचर पर काम कर रहा है। Android के लिए WhatsApp बीटा वर्जन 2.26.20.6 में यह फीचर देखा गया है। अक्सर जब आप किसी का स्टेटस डाउनलोड करते होंगे, तो फोन की मेमोरी भर जाती है।
नए अपडेट के बाद, एप के Manage Storage सेक्शन में Status Updates का एक अलग फिल्टर जोड़ दिया जाएगा। इसकी मदद से यूजर्स यह देख सकेंगे कि किन स्टेटस अपडेट्स की फाइलों ने फोन में सबसे ज्यादा जगह घेरी हुई है। यूजर्स मुख्य चैट में शेयर की गई जरूरी मीडिया फाइलों को डिलीट किए बिना, सीधे एप से ही इन भारी-भरकम स्टेटस मीडिया को वन-क्लिक में हटाकर अपना स्टोरेज स्पेस खाली कर सकेंगे।
