अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पीलीभीत जिले में उत्साह देखने को मिला। शहर के गांधी स्टेडियम सहित जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, पुलिस लाइन और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) मुख्यालय में हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रमों की शुरुआत सूर्य नमस्कार से हुई, जबकि हास्य योग के दौरान लोगों के ठहाकों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।

शहर के गांधी स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार की अध्यक्षता में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव, मुख्य विकास अधिकारी सहित जनपद के अनेक वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कराया तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *