अकबरपुर के मीरानपुर मुरादाबाद में शनिवार दोपहर एक घर में चार बच्चों की किसी भारी चीज से कूचकर हत्या कर दी गई। पुलिस आशंका जता रही है कि मां गासिया खातून ने शुक्रवार रात बच्चों को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। बेसुध होने पर चारों की हत्या कर दी।
इसके बाद कमरे को अंदर से बंदकर लापता हो गई। उधर, सऊदी अरब में रह रहे बच्चों के पिता ने फोन न उठने पर अपने रिश्तेदारों को मौके पर भेजा। खबर पाकर पुलिस पहली मंजिल के रास्ते घर में दाखिल हुई तो कमरे में चारों बच्चों के शव पड़े थे। डीआईजी सोमेन वर्मा, डीएम ईशा प्रिया, एसपी प्राची सिंह ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच की। फिलहाल पुलिस को मां गासिया खातून पर ही चारों बच्चों की हत्या का शक है। घर में पड़े मिले मोबाइल की पुलिस जांच कर रही है।
महरुआ के कसड़ा निवासी नियाज ने मीरानपुर में अपनी पत्नी गासिया खातून के नाम पर जमीन लेकर चार वर्ष पूर्व मकान का निर्माण कराया था। यहां गासिया अपने बड़े बेटे शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बेटी बयान (8) के साथ रहकर उनकी परवरिश कर रही थीं। नियाज सऊदी अरब में नौकरी करता है। एसपी प्राची सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह 7:30 बजे दूधवाले ने दरवाजा खटखटाया। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर वह लौट गया। दोपहर तक बच्चों से फोन पर संपर्क न होने पर नियाज ने शहजादपुर निवासी भाभी बकीतुनिशा से बात की। इसके बाद रिश्तेदारों ने पुलिस को सूचना दी। दोपहर तीन बजे पुलिस पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था। पुलिस बालकनी पर चढ़कर घर में दाखिल हुई और किसी तरह मुख्य दरवाजा खोल गया। घर में पहली मंजिल पर बने कमरे में तख्त पर बच्चों के शव खून से लथपथ मिले।
