जालौन जिले में थाना क्षेत्र के अलाईपुरा गांव निवासी पेट्रोल पंप संचालक अभय गौतम (40) की रविवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित उनके घर पहुंच गए। हादसे में मौत की वजह को लेकर अवैध बालू ढुलाई की भी चर्चा है।
हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। अभय गौतम पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर के थे। करीब तीन वर्ष पहले उनका विवाह भदेख निवासी सन्तोषी के साथ हुआ था। वह माधौगढ़ क्षेत्र के चितौरा में पेट्रोल पंप का संचालन करते थे। कारोबार के चलते क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी।
