सपा प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में सपा की सरकार बनने पर भाजपा की केंद्र सरकार गिर जाएगी। उनसे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एक साल के भीतर केंद्र सरकार गिर जाने संबंधी बयान पर सवाल पूछा गया था। साथ ही अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के 10 साल में पीडीए (पिछड़ों, दलितों व अल्पसंख्यकों) पर अत्याचार की इंतहा हो गई है। सरकार ने बड़े पैमाने पर फर्जी एनकाउंटर कराए हैं। इनमें मारे गए 85 फीसदी लोग पीडीए समाज से हैं।
अखिलेश यादव ने मंगलवार को प्रदेश सपा मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा सरकार के 10 साल में पीडीए वर्ग पर हुए अत्याचार के आंकड़ों की एक पुस्तिका जारी की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जब डगमगाने लगती है तो फर्जी एनकाउंटर कराती है। अपने भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने के लिए फर्जी एनकाउंटर कराती है।
उन्होंने कहा कि पीडीए को डराकर उसका हक मारना चाहती है। कस्टोडियल डेथ भी एक तरह का फर्जी एनकाउंटर है, जिसमें भाजपा सरकार प्रदेश में नंबर एक पर है। फर्जी एनकाउंटर को सही साबित करने के लिए कुछ भ्रष्ट वकील मनगढ़ंत कनपुरिया किस्सा बनाते हैं और फिर वे अधिकारियों और सरकार को ही ब्लैकमेल करते हैं। इसमें संलिप्त पुलिस वालों को ये जरूर सोचना चाहिए कि सरकार अपने फायदे के लिए उन्हें अधिकारी से अपराधी बना रही है। इससे निवेश नहीं आता है। इसकी आड़ में पुलिस ने व्यापारियों से पैसे वसूले हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार डाटा छिपाती है।