सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा निदोषों के साथ अन्याय को अपनी सफलता मानती है। बेसहारों के घरों को तोड़ना और लोगों को उजाड़ने को भाजपा अपनी ताकत समझती है। बुलडोजर का आतंक लोकतंत्र के खिलाफ है।

बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकारों को संवेदनशील और मानवीय आचरण करना चाहिए। सरकारों की नैतिक और विधिक जिम्मेदारी होती है, किसी भी व्यक्ति के घरों को तब तक बचाना जब तक वैकल्पिक व्यवस्था न हो जाए। किसी को झूठे मुकदमों में फंसाना और बिना कारण फर्जी मुठभेड़ की आड़ में गोली का दुरुपयोग अनुचित है।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में मंहगाई, भ्रष्टाचार चरम पर है। आरोप लगाया कि सरकार पूंजीपतियों को मुनाफा करा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आरक्षण को छीन रही है। पीडीए को धोखा दे रही है। दावा किया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ता और नेता बूथों पर सतर्क रहें। भाजपा से सावधान रहकर जमीन पर कार्य करें। इस अवसर पर सांसद अवधेश प्रसाद, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल समेत अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहें।

अखिलेश को पूड़ी खिलाने वाली अंजलि से मिला प्रतिनिधिमंडल

सपा बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय महासचिव राम बाबू सुदर्शन ने बताया कि सपा अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने समाजसेवी/अध्यापिका अंजली मसीह से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और सामाजिक भाईचारे की ताकतों के साथ मजबूती से खड़े रहने का संदेश दिया। सुदर्शन ने कहा कि 14 अप्रैल को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर लखनऊ के सदर गुरुद्वारे के पास आयोजित भंडारे में दलित समाज से आने वाली अंजलि मसीह द्वारा की गई सेवा और अखिलेश यादव का आम लोगों के बीच बैठकर पूड़ी खाना, सामाजिक न्याय और बराबरी की राजनीति का प्रतीक बन गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें