आगरा के एमजी रोड पर मेट्रो निर्माण के कारण ट्रैफिक प्रभावित है। अब हरीपर्वत चौराहा से मदिया कटरा पुल तक सड़क बंद रहेगी। सीएम ग्रिड के तहत मॉडल रोड बनाने के लिए हरीपर्वत से मदिया कटरा पुल तक काम शुरू किया गया है। इस वजह से 15 जून तक यहां ट्रैफिक बंद रहेगा।
नगर निगम के मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि सीएम ग्रिड के तहत हरीपर्वत से मदिया कटरा तथा दिल्ली गेट से राजामंडी रेलवे स्टेशन तक मॉडल रोड का निर्माण किया जा रहा है। स्कूलों की छुट्टियों के कारण अब एमजी रोड और इन सड़कों पर यातायात का दबाव कम रहेगा। ऐसे में यहां सीएम ग्रिड का काम शुरू करा दिया गया है।
15 जून तक यह मार्ग बंद रहेगा। पुलिस उपायुक्त यातायात की अनुमति मिल चुकी है। एमजी रोड पर मेट्रो निर्माण कार्य होने से हरीपर्वत-दिल्ली गेट-मदिया कटरा होते हुए ट्रैफिक निकल रहा था, इसकी जगह वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया है। एमजी रोड से दिल्ली गेट जाने वाले लोगों के लिए स्पीड कलर लैब से दिल्ली गेट तक के रोड को अतिक्रमण मुक्त कर ट्रैफिक निकाला जाएगा, वहीं सेंट जोंस चौराहा से लोहामंडी के बीच ट्रैफिक निकाला जाएगा।
