Last Updated:

Azamgarh News: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत मेडिकल कॉलेज में 12 बेड का सीएनसी बोर्ड स्थापित किया गया है इसके अतिरिक्त मेडिकल कॉलेज प्रशासन के द्वारा 6 और बेड की व्यवस्था की गई है इस प्रकार वर्तमान में मेडिकल कॉलेज में कुल 18 आधुनिक बेड नवजात शिशुओं के उपचार के लिए पूरी तरह से सक्रिय हैं.

आजमगढ़: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. जनपद के चक्रपानपुर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में नवजात शिशुओं के बेहतर और त्वरित उपचार के लिए स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) की सुविधा संचालित हो रही है. यह यूनिट यहां आने वाले मरीजों के लिए संजीवनी साबित हो रही है. इस अत्याधुनिक यूनिट के संचालन से न केवल आजमगढ़, बल्कि आसपास के जनपदों जैसे मऊ और बलिया के लोगों को भी बड़ी राहत मिल रही है.

प्रसव के बाद बेहद कमजोर या समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों को विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है. ऐसे नवजातों के उपचार के लिए स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट की जरूरत होती है. इस यूनिट में फोटोथेरेपी समेत कई आधुनिक मशीनें उपलब्ध होती हैं, जिनकी मदद से नवजात शिशुओं का उपचार और देखभाल की जाती है. पहले जिले में यह सुविधा उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को अक्सर लखनऊ और वाराणसी जैसे बड़े शहरों के चक्कर लगाने पड़ते थे. लेकिन अब राजकीय मेडिकल कॉलेज में यह आधुनिक सुविधा उपलब्ध होने से परिजनों को नवजातों के इलाज के लिए दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी.

18 बेड की एसएनसीयू स्थापित

इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज, आजमगढ़ के प्रिंसिपल बी.डी. सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत मेडिकल कॉलेज में 12 बेड की एसएनसीयू स्थापित की गई है. इसके अतिरिक्त मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से छह और बेड की व्यवस्था की गई है. इस तरह वर्तमान में मेडिकल कॉलेज में नवजात शिशुओं के उपचार के लिए कुल 18 आधुनिक बेड सक्रिय हैं. इस वार्ड में हर बेड पर जीवन रक्षक सुविधाएं उपलब्ध हैं. इनमें ऑक्सीजन सप्लाई, वेंटिलेटर, मॉनिटर, वार्मर और फोटोथेरेपी जैसी आधुनिक मशीनें शामिल हैं.

कमजोर और प्रीमेच्योर बच्चों को मिलेगी बेहतर देखभाल

उन्होंने बताया कि इस विशेष यूनिट में उन नवजात बच्चों को भर्ती किया जाता है, जो जन्म के समय बेहद कमजोर होते हैं, जिनका वजन सामान्य से काफी कम होता है या जो समय से पहले यानी प्रीमेच्योर पैदा होते हैं. इसके अलावा किसी अन्य गंभीर बीमारी से ग्रस्त नवजातों का भी विशेषज्ञों की देखरेख में उपचार किया जाता है. खास बात यह है कि यहां केवल मेडिकल कॉलेज में होने वाली डिलीवरी के बच्चों को ही नहीं, बल्कि दूसरे अस्पतालों से रेफर होकर आने वाले गंभीर नवजातों को भी तुरंत भर्ती कर उपचार उपलब्ध कराया जाता है.

शिशु मृत्यु दर में होगी कमी

उन्होंने बताया कि पहले मेडिकल कॉलेज में एसएनसीयू की व्यवस्था न होने के कारण विशेष परिस्थितियों में मरीजों को हायर सेंटर रेफर करना पड़ता था. कई बार रास्ते की दूरी और समय लगने के कारण नवजातों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता था, जिससे उनकी जान पर भी बन आती थी. अब अपने ही जिले में इस आधुनिक सुविधा के शुरू होने से शिशु मृत्यु दर में कमी आने की उम्मीद है. साथ ही गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के समय और पैसे, दोनों की बचत हो सकेगी.



Source link

अभी अभी की खबरें