मऊ में भाकियू भानु के राष्ट्रीय महासचिव बोले- जांच के दौरान कैमरे के सामने दी धमकी।
मऊ में भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय महासचिव नरेंद्र सिंह ने एक व्यक्ति पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि यह धमकी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर की गई शिकायत के बाद मिली है।
.
नरेंद्र सिंह ने बुधवार को 1 बजे इस मामले में पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र दिया है। उन्होंने एफआईआर दर्ज करने, जांच करने और सुरक्षा देने की मांग की है। उनके मुताबिक, उन्होंने जनहित में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी।
किराना स्टोर पर खाद्य पदार्थों की जांच
इस शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम ने मद्धेशिया किराना स्टोर पर खाद्य पदार्थों की जांच की। यह स्टोर कांता प्रसाद का है। अधिकारियों के कहने पर नरेंद्र सिंह भी जांच के दौरान वहां मौजूद थे। आरोप है कि जांच के समय कांता प्रसाद के बेटे रामेश्वर प्रसाद मद्धेशिया ने अधिकारियों के सामने ही नरेंद्र सिंह के साथ गाली-गलौज और गलत व्यवहार किया।

खाद्य विभाग की जांच के दौरान गाली-गलौज का आरोप।
नरेंद्र सिंह का कहना है कि रामेश्वर प्रसाद मद्धेशिया ने उन्हें कैमरे के सामने जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने बताया कि इस घटना का वीडियो उनके पास है, जिसे वे सबूत के तौर पर पुलिस को दे सकते हैं। नरेंद्र सिंह ने अपने शिकायत पत्र में कहा है कि उन्होंने यह शिकायत किसी निजी फायदे या विवाद के लिए नहीं की थी।
बल्कि, इसका मकसद जनहित में खाद्य पदार्थों की जांच करना और खराब या प्रतिबंधित सामान की बिक्री रोकना था।
परिवार को जान का खतरा बताया
उन्होंने आरोप लगाने वाले पक्ष से खुद को और अपने परिवार को जान का खतरा बताया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से वीडियो फुटेज और दूसरे सबूतों की जांच करके एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने अपने और परिवार की सुरक्षा पक्की करने का अनुरोध किया है। नरेंद्र सिंह ने कहा कि वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे और सभी सबूत पेश करेंगे।
