झांसी। अमर उजाला की ओर से आयोजित एक्सीलेंस अवॉर्ड समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षाविदों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर संस्कार ही देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करेंगे।
मुख्य अतिथि जयवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकसित भारत का लक्ष्य तय किया गया है। यह सपना तभी साकार होगा, जब शिक्षण संस्थानों से निकलने वाले विद्यार्थी ज्ञान, संस्कार और कौशल से समृद्ध होंगे। आज के विद्यार्थी ही भविष्य के वैज्ञानिक, प्रशासक, जनप्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ बनेंगे। उनकी योग्यता, क्षमता और दक्षता ही देश की प्रगति का आधार बनेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव भी तैयार करते हैं।
उन्होंने अमर उजाला के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों को सम्मानित करना प्रेरणादायी पहल है। ऐसे सम्मान न केवल बेहतर कार्य करने वालों का उत्साहवर्धन करते हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि झांसी बेहतर शैक्षिक वातावरण और उत्कृष्ट कानून-व्यवस्था के साथ नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे, यही सभी का प्रयास होना चाहिए।
कार्यक्रम में सी.एस. आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के चेयरमैन मनीष तिवारी, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता एवं विधिक सलाहकार आनंद प्रकाश यादव, एनर्जी पार्टनर सिजरिया सोलर सॉल्यूशंस से अजय सिजरिया एवं अनुपम गोयल (एएसएम, अवाडा इलेक्ट्रो), रतन मेगा मॉल, दतिया के मैनेजर गौरव नामदेव, वसुराज ऑटोमोबाइल्स (महिंद्रा बस एंड ट्रक) के जीएम गौरव गुप्ता, गौरव तिवारी, रेज़ोनेंस झांसी के निदेशक हर्षित राकेश झा तथा हैप्पीपॉट गार्डन के निदेशक सर्वेश गौतम मौजूद रहे।
इस अवसर पर रोहित पांडे, नितिन विलियम, श्रीमती अरुणा अग्रवाल, डॉ. बालमुकुंद अग्रवाल, दीप यादव, अभिषेक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन तनु गुप्ता ने किया।
इन विद्यालयों के प्रधानाचार्य हुए सम्मानित
समारोह में ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल (यूनिट-1 एवं यूनिट-2), महात्मा हंसराज मॉडर्न स्कूल, मॉडर्न पब्लिक स्कूल, मॉडर्न स्कूल, माउंट लिट्रा जी स्कूल, शेरवुड कॉलेज, दिल्ली पब्लिक स्कूल, जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल, द आर्यन्स स्कूल, अल्पाइन पब्लिक स्कूल, किडजी स्कूल, सीएलएम इंटरनेशनल स्कूल और एलन हाउस पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्यों को एक्सीलेंस अवॉर्ड प्रदान किया गया।
इसके अलावा राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्ता विद्यापीठ (चिरगांव), संस्कृति संस्कार पब्लिक स्कूल (बरुआसागर), आरएनएस वर्ल्ड स्कूल, मून इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, रानी लक्ष्मीबाई पब्लिक स्कूल, द ग्रामोदय इंटरनेशनल कॉलेज, ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल, एचएन मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज, किडजी (अनूप सिद्धेश्वर नगर), निर्मला कॉन्वेंट स्कूल, सेंट फ्रांसिस कॉन्वेंट इंटर कॉलेज, ओशन पब्लिक स्कूल, द न्यू इरा पब्लिक स्कूल, सेंट मेरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (मढ़ा), लॉर्ड कृष्णा पब्लिक हाईस्कूल (उल्दन, बंगरा), इंडियन पब्लिक स्कूल तथा ग्लोबल विजडम स्कूल के प्रधानाचार्यों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों और शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
