यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को अमेठी जनपद के जायस स्थित राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (आरजीआईपीटी) में नवनिर्मित एस.सी. बोस, होमी भाभा एवं विद्यासागर छात्रावासों का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना के 17 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं  1.20 लाख रुपये के डेमो चेक वितरित किए। बाद में उन्होंने ओदारी गांव पहुंचकर योजना की लाभार्थी कृष्णा मौर्य को स्वयं उनके घर जाकर स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेक प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं छात्रावासों के लोकार्पण के साथ हुआ। 

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति का आधार उसके युवा, वैज्ञानिक और शोधकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने आरजीआईपीटी के छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे पेट्रोलियम, ऊर्जा संरक्षण, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों, ग्रीन फ्यूल, जैव ईंधन और ऊर्जा दक्षता जैसे क्षेत्रों में नई-नई खोजों एवं अनुसंधानों के माध्यम से देश को नई दिशा प्रदान करें।

उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकताओं में से एक है और भारत को इस क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व प्रदान करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से शोध आधारित शिक्षा को अपनाने, नवाचारों को बढ़ावा देने तथा देशहित में तकनीकी समाधान विकसित करने का आह्वान किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आरजीआईपीटी जैसे संस्थान केवल शिक्षा के केंद्र नहीं बल्कि भविष्य के वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों को तैयार करने वाली प्रयोगशालाएं हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, तकनीकी विकास और आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जिस परियोजना का शिलान्यास किया जाता है, उसका समयबद्ध ढंग से लोकार्पण भी सुनिश्चित किया जाता है। प्रदेश में विकास और जनकल्याण दोनों को समान प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं। आवास, बिजली, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों परिवारों के अपने घर का सपना साकार हुआ है। उज्ज्वला योजना के तहत गरीब महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है, आयुष्मान भारत योजना से करोड़ों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्राप्त हुई है तथा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार की सभी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना के 17 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेक प्रदान किए गए। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें