हरदुआगंज की बरौठा नहर में गणेश प्रतिमा के विसर्जन के दौरान अलीगढ़ के श्रद्धालुओं के साथ हादसा हो गया। नहाने के दौरान पैर फिसलने से 24 वर्षीय विनय गहरे पानी में डूब गया। उसे बचाने के लिए कूदा ऋषभ भी तेज बहाव में फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
अलीगढ़ शहर के देहलीगेट थाना क्षेत्र स्थित गुड़िया बाग चामुंडा माता मंदिर मोहल्ले से 12 से अधिक श्रद्धालु बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे दो ई-रिक्शा और बाइकों से गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए बरौठा नहर पुल पहुंचे थे। पुल से मछुआ की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर नहर में विसर्जन के दौरान प्रशांत के बड़े भाई विनय का नहाते समय पैर फिसल गया।
प्रशांत के अनुसार, विनय को बचाने के लिए ऋषभ नहर में कूदा और कुछ दूर तक उसे खींचकर लाया, लेकिन गहराई और तेज बहाव में वह खुद भी डूबने लगा। शोर सुनकर स्थानीय युवक पानी में कूदे और ऋषभ को बचा लिया, जबकि विनय का पता नहीं चल सका। सूचना पर पुलिस ने गोताखोरों और फायर ब्रिगेड की मदद से तलाश शुरू कराई। देर शाम एसडीआरएफ की टीम भी तलाश में जुटी थी, लेकिन युवक का सुराग नहीं लगा था। घटना की जानकारी होने पर सीओ अतरौली अनिवेश कुमार, एसएचओ जोगेंद्र सिंह और क्राइम इंस्पेक्टर सुशील कुमार मौके पर रहे।
एक तरफ विसर्जन चल रहा था। दूसरी तरफ लापता युवक नहाने चला गया, जहां यह हादसा हुआ। फ्लड पीएसी की एसडीआरएफ टीम बुलाकर तलाशी के प्रयास किए जा रहे हैं। – अनिवेश कुमार, क्षेत्राधिकारी अतरौली
