जागरण संवाददाता, अलीगढ़। मतदाता सूची में अपना नाम है या नहीं, यह जानने के लिए शनिवार को मतदान केंद्रों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसएसआर) के तहत शुरू हुए दो दिवसीय विशेष अभियान में लोग परिवार समेत बूथों पर पहुंच रहे हैं। कोई प्रकाशित अनंतिम मतदाता सूची में अपना नाम तलाश रहा है तो किसी ने नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए फार्म भरना शुरू कर दिया है।
दैनिक जागरण की टीम सुबह 11 बजे अलीगढ़ पब्लिक स्कूल पहुंची। यहां कोल विधानसभा क्षेत्र के छह बूथ बनाए गए हैं। सभी पर मतदाताओं की आवाजाही दिखाई दी। लोग सूची में अपने और परिवार के सदस्यों के नाम तलाशते नजर आए। जिनके नाम सूची में नहीं मिले, वे नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म भर रहे थे। वहीं नाम, पता और अन्य विवरणों में गड़बड़ी ठीक कराने के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन किए जा रहे थे।
अलीगढ़ पब्लिक स्कूल और नौरंगीलाल इंटर कॉलेज में लगी कतारें
नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज के चार बूथों पर भी ऐसा ही नजारा रहा। विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची दुरुस्त कराने को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखा। जिले की अन्य सात विधानसभा क्षेत्रों में भी बूथों पर मतदाताओं के पहुंचने की सूचना है।
जिले के सभी 3034 बूथों पर बीएलओ की तैनाती
जिले के सभी 3034 बूथों पर बीएलओ की तैनाती की गई है। वे सुबह 10 से शाम चार बजे तक बैठकर मतदाताओं की मदद कर रहे हैं। दो दिवसीय अभियान में नाम जुड़वाने, कटवाने और विवरण संशोधन के लिए निर्धारित फार्म उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
