मिर्जापुर। बिजली व्यवस्था को सुरक्षित बनाने और जर्जर खंभों से होने वाले हादसों को रोकने के लिए शुरू की गई रिवैंप योजना की रफ्तार सुस्त है। योजना के तहत जिले में 114 जर्जर बिजली के पोल बदलने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अब तक केवल 60 ही बदले जा सके हैं। दो साल पहले सर्वे कर चिह्नित किए गए स्थानों पर नए पोल भी पहुंचा दिए गए थे, लेकिन कई जगह पुराने खंभे आज तक नहीं बदले गए हैं। उनकी जगह लगाने के लिए आए नए पोल सड़क किनारे पड़े जंग खा रहे हैं। उधर, नगर के कई मोहल्लों में क्षतिग्रस्त खंभे हादसों का खतरा बढ़ा रहे हैं।
रिवैंप योजना का उद्देश्य बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के साथ जर्जर पोलों को बदलकर दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। इसके लिए विभाग ने सर्वे कर उन स्थानों को चिह्नित किया था, जहां नए पोल लगाने की जरूरत थी। करीब दो साल पहले कई जगह नए पोल गिराए भी गए, ताकि पुराने पोलों को हटाकर उनकी जगह नए लगाए जा सकें। इसके बावजूद काम पूरा नहीं हुआ। विभाग की ओर से अब तक देरी का स्पष्ट कारण भी सामने नहीं आया है। ऐसे में योजना के तहत उपलब्ध कराए गए संसाधनों का उपयोग नहीं हो पा रहा है और जर्जर पोलों से खतरा बना हुआ है।
नगर में कई स्थानों पर पोल इतने क्षतिग्रस्त हैं कि उन्हें लोहे की प्लेट लगाकर सीधा खड़ा किया गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी विभाग कार्रवाई नहीं करता। जब पोल अधिक झुक जाता है या गिरने की स्थिति बनती है, तभी उसे बदलने की सुध ली जाती है।
केस एक-
बदली कटरा में झुका पोल तो बंद होने लगा रास्ता
नगर के बदली कटरा में एक जर्जर बिजली का पोल कई दिनों से टेढ़ा था। स्थानीय नागरिकों ने कई बार बिजली विभाग से इसे बदलने की मांग की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। एक दिन पहले पोल अचानक पूरी तरह झुक गया। इससे रास्ता बंद होने की नौबत आ गई। इसके बाद विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में पोल बदलवाया।
केस दो-
लालडिग्गी में प्लेट के सहारे खड़े हैं पोल
लालडिग्गी इमामबाड़ा मार्ग पर कई बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हैं। इनमें से कुछ को लोहे की प्लेट लगाकर सीधा रखा गया है। कई पोलों में जंग लगने के साथ बड़े-बड़े छेद हो गए हैं। इसके बावजूद उन्हें बदला नहीं गया। ऐसे में पोल टूटकर गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है।
केस तीन-
वासलीगंज में अब भी चार-पांच पोल जर्जर
वासलीगंज में भी कई बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हैं। कुछ पोल बदले गए हैं, लेकिन अब भी चार से पांच ऐसे पोल हैं, जिन्हें बदलने की जरूरत है। इनमें जंग लग रहा है। समय रहते इन्हें नहीं बदला गया तो हादसा हो सकता है।
केस 4-
पंखे वाली गली में दो साल से पड़ा है नया पोल
वासलीगंज की पंखे वाली गली में विभागीय लापरवाही का उदाहरण देखने को मिल रहा है। यहां करीब दो साल से नया बिजली का पोल कूड़े में पड़ा जंग खा रहा है। इसे पुराने पोल की जगह लगाया जाना था, लेकिन अब तक किसी ने सुध नहीं ली। एक ओर पुराने पोल क्षतिग्रस्त होकर हादसे का खतरा बढ़ा रहे हैं तो दूसरी ओर उन्हें बदलने के लिए लाए गए नए पोल बेकार पड़े हैं।
वर्जन
———
जहां पर जर्जर पोल की जानकारी मिली है, वहां पोल बदल दिए गए हैं। सभी उपकेंद्रों के अधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने क्षेत्र के जर्जर पोल चिह्नित कर सूचित करें, ताकि उन पर कार्रवाई हो सके। – अंकुर अवस्थी, अधीक्षण अभियंता, विद्युत मंडल मिर्जापुर

बदली कटरा में झुका बिजली का पोल, सोशल मीडिया

बदली कटरा में झुका बिजली का पोल, सोशल मीडिया
