मोहनिया। कुदरा के पुसौली बाजार के समीप एनएच-19 पर शुक्रवार देर शाम सड़क पार कर रहे मुन्ना कुमार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। सड़क पर गिरे युवक को पीछे से गुजर रहे दूसरे वाहन ने रौंद दिया। हादसे में मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि युवक का शरीर कई हिस्सों में बंट गया। स्थानीय लोगों ने सिर से पहचान की। शिनाख्त पुसौली बाजार निवासी मुन्ना के रूप में हुई है।
मुन्ना पुसौली बाजार में कपड़ा प्रेस करने की दुकान चलाता था। शुक्रवार शाम दुकान बंद कर घर लौटते समय वह एनएच-19 पार कर रहा था। इसी दौरान मोहनिया से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा। तभी पीछे से गुजर रहे दूसरे वाहन ने रौंद दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के अलग-अलग हिस्सों को एकत्र किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। मुन्ना की कमाई से ही परिवार का भरण-पोषण होता था। वह अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गया है। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया गया है।