गवां (संभल)। मां के साथ मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए आई गांव चाऊपुरा डांडा निवासी कक्षा एक की छात्रा तनु (6) की मेले में पानी का छिड़काव कर रहे ट्रैक्टर की चपेट में आकर मौत हो गई। परिजनों ने टी-पॉइंट चौकी पर शव रखकर जमकर हंगामा किया। अधिकारियों के पहुंचने पर लोग शांत हुए, जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव चाऊपुर डांडा निवासी रामवीर अपनी पांच वर्षीय बेटी का मुंडन संस्कार कराने के लिए रविवार दोपहर दो बजे सिसौना गंगा घाट पर पहुंचे। गांव निवासी दीनदयाल की पत्नी रीना और बेटी तनु भी मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए गई थीं। मेले में पहुंचने पर सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ा कर गंगा घाट की ओर जाने लगे। इसी दौरान तनु मेला परिसर में पानी का छिड़काव कर रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सिर पर ट्रैक्टर का पहिया उतरने की वजह से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। सूचना पर बच्ची के पिता व अन्य लोग भी मेले में पहुंच गए। परिजनों ने टी-पॉइंट पुलिस चौकी पर बच्ची का शव रखकर जमकर हंगामा किया और आरोपी चालक को मौके पर बुलाने की मांग की। हंगामे की जानकारी मिलने पर बबराला थाना प्रभारी फोर्स के साथ पहुंचे। सीओ अंकित मिश्रा और एसडीएम गुन्नौर अवधेश कुमार वर्मा ने भी मौके पर जाकर परिजनों को समझाया। शाम करीब 5:30 बजे परिजनों के शांत होने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोट
मुंडन संस्कार में शामिल होने सिसौना डांडा मेले आई बच्ची की ट्रैक्टर की चपेट में आकर मौत हो गई। रजपुरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। -अंकित मिश्रा, सीओ गुन्नौर
00000
कोट
बच्ची की मौत की खबर पर मौके पर गए थे। परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देकर समझाया गया। पुलिस कार्रवाई कर रही है। नियमानुसार मृतक छात्रा के परिजनों की मदद की जाएगी। -अवधेश कुमार वर्मा, एसडीएम, गुन्नौर
