डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों की लापरवाही के कारण करीब 10 हजार विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम जारी नहीं हो सका है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में करीब 1.24 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है। इनमें से 10 हजार छात्र-छात्राएं रिजल्ट जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। इसकी मुख्य वजह कॉलेजों की ओर से विद्यार्थियों के आंतरिक अंक विश्वविद्यालय को उपलब्ध नहीं कराना है।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कॉलेजों को कई बार आंतरिक अंक समर्थ पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद कई कॉलेजों ने अब तक विद्यार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन के अंक नहीं भेजे हैं। अंक उपलब्ध नहीं होने के कारण परीक्षा परिणाम तैयार होने के बावजूद विद्यार्थियों को भटकना पड़ रहा है।
विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल प्रभारी डॉ. मनु प्रताप सिंह ने बताया कि सत्र 2025-26 में करीब 1.24 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है। ज्यादातर एडेड कॉलेजों के विद्यार्थियों का रिजल्ट रुका है। कॉलेजों को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं कि वे जल्द से जल्द विद्यार्थियों के आंतरिक अंक उपलब्ध कराएं जिससे लंबित परिणाम जारी किए जा सकें।
अगली कक्षा में प्रवेश अटका
परीक्षा परिणाम जारी नहीं होने के कारण कई विद्यार्थी अगली कक्षा में प्रवेश और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं। विश्वविद्यालय के निर्देश के बावजूद कॉलेज की ओर से प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। विश्वविद्यालय की ओर से कॉलेजों को पुन: निर्देश जारी किए गए हैं।
