आगरा के लेडी लॉयल (महिला जिला अस्पताल) के लिए नए भवन की डिजाइन में बदलाव किया गया है। इसमें 300 बेड की क्षमता होगी। इससे आगरा समेत आसपास के जिलों की गर्भवती को लाभ मिलेगा। इसमें मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर समेत और जीवन रक्षक वार्ड भी होंगे।
इंटीग्रेटेड प्लान के तहत एसएन में लेडी लॉयल परिसर को भी शामिल किया गया है। इसे यहां से शिफ्ट किया जाना है। सीएमओ कार्यालय के पास पांच एकड़ जमीन पर इसका नया भवन बनेगा। डिजाइन में बदलाव करते हुए बेड की क्षमता बढ़ाकर 300 की गई है। अभी लेडी लॉयल में 120 बेड ही संचालित हैं। इसमें मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, प्रसव कक्ष, प्री-प्रसव कक्ष, वार्ड की सुविधा होगी।
एनआईसीयू, आईसीयू, मदर मिल्क, कंगारू थेरेपी यूनिट की भी व्यवस्था होगी। वेटिंग एरिया, कैंटीन, पार्किंग, ओपीडी कॉम्प्लेक्स, पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड सेंटर, काउंसिलिंग सेंटर भी बनाए जाएंगे। इसके बनने से आगरा-अलीगढ़ मंडल और मध्य प्रदेश-राजस्थान के मरीजों को भी लाभ मिलेगा। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि महिला जिला अस्पताल एडवांस बनेगा। बेड की संख्या भी बढ़ाई गई है। इसी के आधार पर डिजाइन बना है। लोक निर्माण विभाग जल्द निर्माण शुरू करेगा।
भवन बनाने के लिए किस्त मिली
महिला जिला अस्पताल के लिए 86 करोड़ रुपये शासन ने बजट मंजूर किया है। पहले चरण में 37 करोड़ रुपये की किस्त मिली है। तीन चरणों में रकम मिलनी है। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों ने सर्वे कर लिया है। डीपीआर भी तैयार कर ली गई है।

