जागरण संवाददाता, आगरा। साइबर ठगों ने महिला को एयरपोर्ट पर पकड़े जाने, कस्टम कार्रवाई और सीबीआई गिरफ्तारी के झूठे डर में फंसाकर लाखों रुपये वसूल लिए। उसका बैक खाता खाली कर दिया। धोखाधड़ी की शिकार महिला ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
सिकंदरा क्षेत्र की रहने वाली महिला के अनुसार 11 नवंबर 2026 को इंस्टाग्राम के जरिए विदेशी नंबर से संपर्क कर एक व्यक्ति ने खुद को अर्जुन कपूर बताया और भारत आकर हर्बल लाइफ उत्पाद इस्तेमाल करने की बात कही। इसके बाद 15 नवंबर 2026 को वाट्सएप कॉल कर उसने मुंबई एयरपोर्ट पर पुलिस द्वारा पकड़े जाने और भारत में प्रवेश के लिए 80 हजार रुपये मांगे जाने की झूठी कहानी सुनाई।
क्यूआर कोड के जरिए रुपये करा लिए ट्रांसफर
महिला ने डर के कारण दो बार में क्यूआर कोड के माध्यम से 80 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। एक घंटे बाद उसने एयरपोर्ट से बाहर निकलने के नाम पर फिर पैसे मांगे, जिस पर महिला ने 15 हजार रुपये आनलाइनन भेज दिए। उसी शाम अर्जुन कपूर ने 62 लाख पाउंड, हीरे की अंगूठी और सोना कस्टम द्वारा पकड़े जाने का हवाला देकर 1.40 लाख रुपये और ट्रांसफर करा लिए।
दिल्ली एयरपोर्ट पर सीबीआई द्वारा पकड़े जाने का दावा किया
पीड़िता के अनुसार अगले दिन 16 नवंबर को आरोपित ने वाट्सएप कॉल करके दिल्ली एयरपोर्ट पर सीबीआई द्वारा पकड़े जाने का दावा किया। इससे बचने के लिए 3.20 लाख रुपये मांगे। यह रकम पीड़िता कई बार में आरटीजीएस के जरिए भेजी। 17 नवंबर 2026 को आरोपित ने सामान जांचने का वीडियो भेजकर सुबह करीब 11 बजे चार लाख रुपये और मांगे। इस दौरान आरोपित ने अन्य लोगों से बात कराकर जेल भेजने और घर पर सीबीआई व पुलिस आने की धमकी दी।
दहशत में आकर महिला ने आरटीजीएस से चार लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने 10 लाख रुपये की मांग करते हुए साढ़े तीन लाख रुपये में मामला निपटाने की बात कहकर 18 नवंबर तक का समय दिया।
महिला ने पति को दी जानकारी
महिला ने सारी जानकारी अपने पति को दी। पति ने रकम देने से इनकार कर दिया। पति ने मोबाइल लेकर बैंक खाता देखा तो वह पूरी तरह खाली मिला। महिला ने बताया कि परिवार को जेल भेजने की धमकी और पति के बाहर होने की जानकारी के चलते वह डर के साये में ठग की बातों में आती चली गई। आरोपित तब तक 6.70 लाख रुपये वसूल चुका था।
