भरेह थाना क्षेत्र में मंगलवार रात चकरनगर रोड पर कांयछी गांव के पास अनियंत्रित बाइक 15 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। भरेह थाना प्रभारी जगदीश भाटी ने बताया कि मंगलवार रात 10 बजे सूचना मिली कि चकरनगर रोड पर कांयछी गांव से करीब 500 मीटर आगे एक बाइक खाई में गिरी पड़ी है, जिसमें सवार दो युवक नीचे पड़े हैं।

सूचना देने वाले लाइनमैन सोनू चौहान निवासी छपरौली थाना चकरनगर ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला। दोनों की हालत बेहद गंभीर थी। उन्हें सीएचसी राजपुर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान कल्याण गुर्जर (33) निवासी ग्राम नीमरी थाना सहसों और सुमित चौहान (26) निवासी ग्राम तेजपुर थाना चकरनगर के रूप में हुई है।

दोनों आपस में दोस्त हैं और किसी काम से चकरनगर की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी जगदीश भाटी ने बताया प्राथमिक जांच में हादसे का कारण बाइक का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और सड़क की स्थिति के चलते बाइक चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *