उन्नाव में मृतक आश्रित कोटे से शिक्षक की नौकरी पाने के मामले में नया विवाद सामने आया है। आरोप है कि श्रीराम यादव को साल 2002 में सरकारी रिकॉर्ड में मृत दिखाया गया और इसके बाद उनके बेटे रामबरन यादव ने मृतक आश्रित कोटे से शिक्षक की नौकरी हासिल कर ली। श
.
शिकायतकर्ता ललितेश सिंह का आरोप है कि श्रीराम यादव को साल 2002 में सरकारी रिकॉर्ड में मृत दिखाया गया था। इसके आधार पर उनके बेटे रामबरन यादव को मृतक आश्रित कोटे से शिक्षक की नौकरी मिल गई। रामबरन फिलहाल हिलौली क्षेत्र के खेरवा उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
शिकायतकर्ता ने नियुक्ति से जुड़े रिकॉर्ड और उस समय लगाए गए मृत्यु संबंधी दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यह पता लगाया जाए कि श्रीराम यादव की मृत्यु साबित करने के लिए कौन से दस्तावेज लगाए गए थे।
जमीन के बैनामे में जीवित होने का दावा
ललितेश सिंह का कहना है कि सरकारी रिकॉर्ड में श्रीराम यादव को मृत दिखाए जाने के बाद भी उनके नाम से जमीन का बैनामा हुआ। साल 2014-15 में श्रीराम यादव के नाम जमीन खरीदे जाने का रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, जमीन से जुड़े दस्तावेजों में श्रीराम यादव के हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान दर्ज हैं। इसी आधार पर उनके साल 2014-15 में जीवित होने का दावा किया जा रहा है। इससे मृतक आश्रित कोटे से हुई नियुक्ति को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
सर्विस बुक से मिलाने की मांग
शिकायत में रामबरन यादव की सर्विस बुक में दर्ज हस्ताक्षर की भी जांच कराने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने जमीन के बैनामे में दर्ज श्रीराम यादव के हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान को संबंधित सर्विस रिकॉर्ड और दूसरे दस्तावेजों से मिलाने की मांग की है।
उनका कहना है कि हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान की फॉरेंसिक जांच कराई जाए तो मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है। साथ ही नियुक्ति के समय जमा किए गए सभी दस्तावेजों का सत्यापन कराने की मांग की गई है।
बीएसए ने शुरू की मामले की जांच
शिकायतकर्ता ने डिप्टी सीएम, शिक्षा निदेशक, बीएसए और बीईओ से मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिक्षा विभाग से रामबरन की नियुक्ति से जुड़े दस्तावेजों और पूरे रिकॉर्ड का सत्यापन कराने को कहा गया है। बीएसए शैलेश पांडे ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। जांच में सरकारी रिकॉर्ड, नियुक्ति से जुड़े दस्तावेज और जमीन के बैनामे समेत अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल की जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
