रायबरेली। जहानाबाद पुलिस चौकी की दीवार से स्कूटी टकराने से पॉलीटेक्निक छात्र अरबाब (18) की मौत हो गई। हादसे की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। शहर के वजीरगंज निवासी मो. मुशीर का बेटा अरबाब पॉलीटेक्निक प्रथम वर्ष का छात्र था। पुलिस के अनुसार, वह सुबह करीब छह बजे स्कूटी चलाना सीख रहा था। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर जहानाबाद पुलिस चौकी की दीवार से टकरा गई। हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। अरबाब ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। टक्कर से स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।


मृतक के पिता मो. मुशीर हरचंदपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बैदा में सहायक अध्यापक हैं। मामा आमिर ने बताया कि अरबाब हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में टॉपर रहा था। करीब एक माह पहले नई स्कूटी खरीदी थी। परिवार की देखरेख में वह स्कूटी चलाना सीख रहा था, लेकिन सुबह अचानक अकेले स्कूटी लेकर निकल गया। वह परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी 13 वर्षीय छोटी बहन इकरा है। बेटे की मौत से पिता समेत सभी परिजन गमगीन हैं। सीओ सदर आशीष निगम ने बताया कि स्कूटी दीवार से टकराने के कारण युवक की मौत हुई है।



Source link

अभी अभी की खबरें