फिरोजाबाद (उप्र) 22 नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के अरांव रोड पर बारात की बग्घी के छत्र में हाईटेंशन लाइन का करंट प्रवाहित होने से उसकी चपेट में आने से एक बैंडकर्मी सहित दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य राहगीर घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
सिरसागंज की पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) चंचल त्यागी ने बताया कि अरांव रोड पर स्थित गांव दौलतपुर बैजुआ में शनिवार को एक बारात मथुरा जिले के फरह क्षेत्र से आई थी।
उन्होंने बताया कि रात करीब 9:30 बजे द्वार पूजा के समय दूल्हे की बग्घी वापस जाने के लिए मुड़ रही थी, तभी उसका छत्र हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे करंट प्रवाहित हो गया।
सीओ ने बताया कि करंट की चपेट में आने से बैंडकर्मी अकील (40) एवं लाइट लेकर चल रहे पप्पू सिद्दीकी (39) की मौके पर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में एक राहगीर विवेक घायल हो गया। त्यागी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच की जा रही है।
विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता भरत सिंह ने पूछे जाने पर बताया कि घटना की जांच की जा रही है और जांच के बाद मुआवजे के संबंध में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं आनन्द
रंजन
रंजन
