लखनऊ। प्रदेश के फार्मेसी संस्थानों में नए सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया गति नहीं पकड़ पा रही है। लंबे समय से चल रहे रजिस्ट्रेशन के बाद डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की ओर से 19 सितंबर से चॉइस फिलिंग शुरू होनी थी लेकिन यह अभी तक नहीं हो सकी। इसकी वजह से छात्र प्रवेश को लेकर परेशान हैं।
फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) की ओर से अक्तूबर तक कॉलेजों की संबद्धता पूरी करने की वजह से एकेटीयू की ओर से अपने यहां बीफार्मा व फार्माडी कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया नहीं शुरू की जा सकी। हालांकि इसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जुलाई से ही चल रही है। हाल ही में पॉलीटेक्निक में फार्मेसी प्रवेश शुरू हुए तो बीफार्मा के छात्रों में भी इसे लेकर हलचल है।
विश्वविद्यालय की ओर से पूर्व में घोषित कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण में 19 सितंबर से चॉइस फिलिंग कराकर 23 सितंबर को सीट अलॉटमेंट जारी करना था। किंतु चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया नहीं शुरू हो सकी है। वहीं काउंसिलिंग में होने वाली देरी को लेकर भी कोई आदेश-निर्देश वेबसाइट पर नहीं दिया गया है। जबकि कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने कहा कि हमने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। हम मंगलवार से चॉइस फिलिंग शुरू करेंगे। इसकी सूचना जल्द वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी।