एटा के थाना रिजोर क्षेत्र में एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की हुई मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
थाना रिजोर क्षेत्र के ग्राम नगला कन्हौली निवासी शौकेंद्र पुत्र श्योराज सिंह ( 40) अपनी मोटरसाइकिल से एटा से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर भामरपुर गांव के समीप पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शौकेंद्र उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना रिजोर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को उठाकर एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीखपुकार मच गई। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हुई है। मृतक की पहचान ग्राम नगला कन्हौली निवासी शौकेंद्र के रूप में हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
