आरटीओ कार्यालय के बाहर दलालों पर कार्रवाई के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। गुरुवार को वाहन ट्रांसफर के लिए दलाल को दिए रुपये और दस्तावेज वापस मांगने पर विवाद हो गया। आरोप है कि दलाल ने वाहन खरीदार को कार्यालय के बाहर बीच सड़क पर पीट दिया। चेहरे पर नाखून लगने से वह घायल हो गया। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से भाग निकला।

बर्रा-2 निवासी धर्मेंद्र कुमार के मुताबिक, उन्होंने करीब एक माह पहले घाटमपुर के बेहटा बुजुर्ग निवासी अरुण कुमार से 5.15 लाख रुपये में बोलेरो खरीदी थी। वाहन अपने नाम ट्रांसफर कराने के लिए आरटीओ कार्यालय के बाहर बैठने वाले दलाल ओमी को 2200 रुपये दिए थे।

धर्मेंद्र ने बताया कि एक माह बीतने के बावजूद वाहन ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। गुरुवार को वह आरटीओ कार्यालय पहुंचकर स्थिति जानने लगे तो पता चला कि वाहन से संबंधित दस्तावेज कार्यालय में जमा ही नहीं किए गए हैं। इसके बाद उन्होंने ओमी से अपने कागजात वापस मांगे।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि ओमी ने धर्मेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान चेहरे पर नाखून लगने से उन्हें चोट आई। सूचना पर काकादेव पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था। पुलिस घायल धर्मेंद्र को थाने ले गई। धर्मेंद्र ने आरोपी दलाल के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *