सांसद रमेश अवस्थी ने आईआईटी निदेशक से मिलकर कर एनटीसी एवं बीआईसी की बंद और सीमित गतिविधियों वाली औद्योगिक इकाइयों की परिसंपत्तियों के फिर उपयोग पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि उपलब्ध भूमि और अन्य औद्योगिक संसाधनों को केवल विरासत के रूप में न देखकर भविष्य की औद्योगिक संभावनाओं का आधार बनाया जाए। सांसद ने आईआईटी से इंडस्ट्रियल रिवाइवल रोड मैप तैयार करने को कहा।
इसमें आधुनिक तकनीक, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास, स्टार्टअप और उद्यमिता को जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि आईआईटी की तकनीकी विशेषज्ञता और शोध क्षमता के जरिये बंद मिलों की परिसंपत्तियों का उत्पादक इस्तेमाल कर कानपुर में नए औद्योगिक अवसर विकसित किए जा सकते हैं। इसके लिए केंद्रीय व राज्य सरकार के विभागों, एनटीसी, बीआईसी, उद्योग जगत, एमएसएमई और स्थानीय उद्यमियों को साथ लेकर समन्वित मॉडल तैयार करने पर जोर दिया गया।
