इटावा। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए जिले में परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पिछले वर्ष केंद्र निर्धारण की अनंतिम सूची में सामने आई गड़बड़ियों से सबक लेते हुए इस बार केंद्रों के चयन की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने की तैयारी है। विद्यालयों की अवस्थापना सुविधाओं, परीक्षार्थियों की क्षमता और केंद्रों के बीच की दूरी समेत निर्धारित मानकों के आधार पर ऑनलाइन सॉफ्टवेयर परीक्षा केंद्र प्रस्तावित करेगा।
पिछले वर्ष अनंतिम सूची में गूगल मैप के माध्यम से मानकों की अनदेखी कर कुछ विद्यालयों को केंद्र प्रस्तावित किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। वहीं, कुछ ऐसे विद्यालय भी केंद्र सूची में शामिल हो गए थे, जिन्होंने इसके लिए आवेदन तक नहीं किया था। हालांकि बोर्ड ने अंतिम सूची जारी करते समय कई केंद्रों में संशोधन किया था। इस बार ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए पहले से ही प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। जिले में 21 राजकीय, 54 अशासकीय सहायता प्राप्त और 208 वित्तविहीन इंटर कॉलेज हैं। इनमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 40 हजार से अधिक परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
सभी विद्यालयों को अपनी अवस्थापना सुविधाओं और आधारभूत सूचनाएं बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड करनी होंगी। डीएम की ओर से गठित तहसील स्तरीय समितियां इन सूचनाओं का भौतिक सत्यापन करेंगी। डीआईओएस अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बोर्ड के निर्देशानुसार पहली अनंतिम सूची 21 सितंबर को बोर्ड की वेबसाइट पर जारी होगी। छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य और प्रबंधक 28 सितंबर तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। आपत्तियों की जांच के बाद रिपोर्ट आठ अक्तूबर तक जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के साथ पोर्टल पर भेजी जाएगी। संशोधित सूची 17 अक्तूबर को जारी होगी। दूरी अथवा क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों के आवंटन पर 22 अक्तूबर तक प्रत्यावेदन किया जा सकेगा। सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद 29 अक्तूबर तक अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
