करीब 18 दिन से चर्चा में रहे दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के मामले में बुधवार रात चौंकाने वाला मोड़ आया। पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान देर रात सुपारी किलर विशाल और कारोबारी के बेटे सुब्रत का जब आमना-सामना कराया गया तो विशाल बोल पड़ा कि भइया ने ही पापा की हत्या करने के लिए कहा था। पुलिस कमिश्नर ने रघुबीर लाल ने बताया कि सुब्रत के खिलाफ डिजिटल और परिस्थितीजन्य साक्ष्य पूरे हैं, हालांकि सुब्रत ने अभी हत्या नहीं स्वीकारी है। रिमांड गुरुवार 12 बजे तक की है, इस दौरान पुलिस अभी और काम करेगी। फिलहाल लिखापढ़ी में सुब्रत को गिरफ्तार दिखा दिया गया है।
बता दें कि पांच सितंबर की रात विनीत की उनके इंद्रानगर स्थित फ्लैट पर चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने अगले ही दिन साजिश में शामिल विनीत की बहू शालू और सुपारी किलर विशाल व राजकिशोर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद भी विनीत का बेटा और शालू का पति सुब्रत पुलिस के शक के घेरे में रहा। इसी के चलते बुधवार दोपहर 12 बजे से तीनों आरोपियों का 24 घंटे के लिए कस्टडी रिमांड लिया था। रिमांड के दौरान देर रात जब विशाल और सुब्रत को आमने-सामने बैठाया तो कल तक शालू का नाम लेने वाले मिनोचा परिवार के पुराने नौकर रहे विशाल ने सुब्रत को ही हत्या की सुपारी देने वाला बता दिया। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि विशाल ने वारदात से तीन दिन पहले ही एक नया सिम लिया था, जिससे सबसे पहला फोन भी सुब्रत को किया था।