{“_id”:”6af4b3f389945b076b0f4684″,”slug”:”kanpur-miscreants-created-a-ruckus-in-the-middle-of-the-road-just-500-meters-from-the-sisamau-police-station-2026-11-11″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”कानपुर: सीसामऊ थाने से 500 मीटर दूर बीच सड़क दबंगों ने मचाया उत्पात, पथराव-तोड़फोड़ से थमा यातायात”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

बीच सड़क पथराव
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कानपुर में सुरक्षा व्यवस्था के दावों के बीच सीसामऊ में बुधवार देर शाम दबंगों ने बीच सड़क जमकर उत्पात मचाया। हैरानी यह कि घटनास्थल सीसामऊ थाने से महज 500 मीटर और लेनिन पार्क पुलिस पिकेट से चंद कदम की दूरी पर था। स्कूटी टकराने के विवाद में आरोपी पक्ष से करीब एक दर्जन युवकों ने बीच सड़क स्कूटी सवार युवक को गालीगलौज करते हुए जमकर पीटा। इसके बाद रोड पर जमकर पथराव, वाहन में तोड़फोड़ की। युवक को आरोपी दौड़ा दौड़ाकर पीटते रहे, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की केवल तमाशबीन बनकर देखते रहे। दबंगों के उत्पात से ज्वालादेवी रोड पर यातायात पूरी तरह थम गया। राहगीर विवाद में फंसने से बचने के लिए दूसरे रास्तों से निकलने को मजबूर हुए, लेकिन पुलिस को करीब एक घंटे तक इसकी भनक तक नहीं लगी।
दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए थे। त्योहार पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और गश्त के दावे भी किए गए, लेकिन सीसामऊ की इस घटना ने इन इंतजामों की हकीकत उजागर कर दी। जिस इलाके में पुलिस की मौजूदगी का अहसास सबसे ज्यादा होना चाहिए था, वहां दबंग बेखौफ होकर सड़क पर बवाल करते रहे। न पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों को इसकी भनक लगी और न ही थाने की पुलिस समय रहते मौके पर पहुंच सकी। सवाल है कि थाने और पिकेट के इतने करीब अगर पुलिस को एक घंटे तक सड़क पर हो रहा उपद्रव नहीं दिखा तो शहर की बाकी सड़कों पर सुरक्षा की निगरानी कैसे हो रही होगी। करीब 3 मिनट 28 सेकंड के सीसीटीवी फुटेज में सड़क पर मची अराजकता कैद है। फुटेज में वाहनों के आसपास भी जमकर हाथापाई होती है। सड़क किनारे खड़ी कारों के बीच भी युवक एक-दूसरे पर हमला करते नजर आते हैं।
पिकेट के सामने ही कानून-व्यवस्था को चुनौती
लेनिन पार्क पुलिस पिकेट से महज 50 कदम दूर पथराव और मारपीट होती रही। दोनों ओर यातायात बाधित रहा, लेकिन पुलिस की सक्रियता नजर नहीं आई। त्योहार पर सुरक्षा के लिए जारी निर्देशों के बावजूद पुलिस की प्रतिक्रिया में देरी ने गश्त, निगरानी और सूचना तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मालूम हो कि 24 घंटे पहले दर्शनपुरवा चौकी से 50 कदम की दूरी पर किशोर की बीच सड़क दिल में चाकू घोपकर हत्या कर दी गई थी।

