कानपुर देहात में बारिश के बाद सड़क पर चार फीट चौड़ा और 12 फीट गहरा गड्ढा बन गया। इसके भीतर पूर्व और पश्चिम दिशाओं में जाती हुई दो अलग-अलग सुरंगें दिखाई देने लगी। जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

.

ग्रामीणों ने बताया कि 18 अगस्त को तिलौंची गांव में शुरुआत में एक छोटा गड्ढा देखा गया था। जो बारिश के बाद बड़ा रूप ले गया। गांव के लोगों ने द्वारा रस्सी में टॉर्च और मोबाइल बांधकर बनाए गए वीडियो में ये सुरंगें स्पष्ट नजर आईं।

गांव के बुजुर्गों ने बताया कि इस स्थान पर पहले एक प्राचीन किला था। इतिहास के जानकारों का अनुमान है कि लगभग 400 वर्ष पूर्व मेवाती लोगों द्वारा मुगल सल्तनत से संघर्ष के दौरान ऐसी गुप्त सुरंगें बनाई गई होंगी। घटना की जानकारी मिलने पर लेखपाल गिरजेश परिहार और स्थानीय पुलिस ने मौके का मुआयना किया तथा सुरक्षा के लिहाज से गड्ढे को ड्रम व बल्लियों से ढकवा दिया है।

12 फीट गहरे गड्ढे में मिली दो सुरंगें

घटना गजनेर थाना क्षेत्र के तिलौंची गांव की है। जहां बारिश के कारण आबादी वाले इलाके में एक बड़ा गड्ढा हो गया है। लगभग चार फीट चौड़े और 12 फीट गहरे इस गड्ढे के भीतर दो अलग-अलग दिशाओं में रास्ते (सुरंग) दिखाई दिए हैं। ग्रामीणों ने इन सुरंगों के मुगलकालीन होने की आशंका जताई है।

तिलौंची निवासी कृष्ण कुमार सिंह की पत्नी सुनैना ने बताया कि 18 अगस्त की सुबह उनके घर के बाहर खाली पड़ी जगह पर पहले एक छोटा गड्ढा दिखा था। शुरुआत में इसे किसी जानवर द्वारा खोदा गया मानकर नजरअंदाज कर दिया गया था। ओम नाथ साहू के अनुसार, इस गड्ढे के पास से ट्रैक्टर और अन्य वाहन गुजरते रहे थे, लेकिन गुरुवार सुबह हुई बारिश के बाद गड्ढा और गहरा व बड़ा हो गया।

टॉर्च और मोबाइल बांधकर सुरंग का वीडियो

गड्ढा गहरा होने पर ग्रामीणों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। गांव की प्रशासक अर्चना गौतम के पति राहुल ने रस्सी में टॉर्च और मोबाइल बांधकर गड्ढे के अंदर लटकाया और वीडियो बनाई। इस वीडियो में पूर्व और पश्चिम दिशाओं में जाती हुई सुरंगनुमा संरचना स्पष्ट दिखाई दी। सुरंग की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

गांव के बुजुर्गों का कहना है कि जिस स्थान पर यह गड्ढा हुआ है, वहां पहले एक प्राचीन गढ़ी (किला या ठिकाना) हुआ करती थी। इतिहास के जानकारों का मानना है कि लगभग 400 साल पहले इस क्षेत्र में मेवाती लोग मजबूत इमारतें बनाकर रहते थे। मुगल सल्तनत से संघर्ष के दौरान ऐसी सुरंगें बनाई गई हो सकती हैं।

मामले की जानकारी मिलने पर राजस्व लेखपाल गिरजेश परिहार और थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने गड्ढे पर ड्रम और बल्लियां रखकर उसे बंद करा दिया है।



Source link