फर्रुखाबाद। खेतों की पैमाइश के नाम पर किसानों के शोषण पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। छह माह पहले सदर तहसील के एक कानूनगो और दिसंबर 2023 में कायमगंज तहसील के लेखपाल को बिजीलेंस ने रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। इसके बावजूद हालात नहीं सुधर रहे हैं। अभी तक तीनों तहसीलों में पैमाइश के करीब 576 मामले लटके हैं। 50 से अधिक कानूनगो के पास हैं। किसानों को दौड़ाया जा रहा है। परेशान होकर किसान काम कराने की खातिर आर्थिक समझौता करने को मजबूर हो जाते हैं।
राजस्व विभाग में आर्थिक भ्रष्टाचार चरम पर है। इटावा में रिश्वत लेते कानूनगो की गिरफ्तारी के बाद यहां भी खेतों के पैमाइशों में हो रही लेटलतीफी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस समय राजस्व विभाग के पोर्टल पर सदर तहसील में धारा 24 (पैमाइश) के 265 मामले लंबित बताए जा रहे हैं। एसडीएम की अदालतों से आदेश होने के बाद कानूनगो स्तर पर भी 25 से अधिक मामले कई-कई महीनों से लटके हैं। इसी के चलते भ्रष्टाचार की बू आ रही है।
कायमगंज तहसील में एसडीएम कोर्ट से पैमाइश के 150 मामले लंबित बताए गए। पेशकार ने बताया कि शुक्रवार को इन मामलों को तहसीलदार के यहां भेज दिया गया है। इसके अलावा एसडीएम न्यायिक के यहां भी पैमाइश के 111 मामले लंबित हैं। अमृतपुर तहसील में एसडीएम स्तर पर 50 से अधिक मामले लंबित हैं। किसान संबंधित अफसरों के यहां टक्कर काटने को मजबूर हैं। जिम्मेदार किसानों के लिए सबसे महत्वपूर्ण मामलों को जल्द निपटाने में रुचि नहीं ले रहे हैं।
एसडीएम अभिषेक वर्मा ने बताया कि पैमाइश से संबंधित कोई ऐसा मामला लंबित नहीं है जिसे अधिक समय हो गया हो। निर्वाचन संबंधी काम बढ़ने से मामले अधिक लंबित हो गए हैं। एक-दो सप्ताह में सभी मामले निस्तारित कर दिए जाएंगे। एसडीएम सदर संजय कुमार सिंह ने बताया कि पैमाइश के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करा दिया जाएगा।
इनसेट
रिश्वत लेते कानूनगो और लेखपाल हो चुके गिरफ्तार
फर्रुखाबाद/कायमगंज। इटावा ही नहीं जिले में भी एक लेखपाल और कानूनगो रिश्वत लेते एंटी करप्शन की टीम गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। नवाबगंज के गांव वीरपुर नादी निवासी सर्वेश शाक्य ने कानपुर की एंटी करप्शन टीम से 26 अप्रैल को रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। टीम ने तीन दिन बाद ही मऊदरवाजा थाने के मोहल्ला बजरिया में पीएन सक्सेना के आवास में छापा मारकर फतेहपुर के कोतवाली पश्चिम के मोहल्ला उत्तरी शांतिनगर, महात्मा गांधी डिग्री कॉलेज के निकट निवासी कानूनगो विमल कुमार श्रीवास्तव व मोहल्ला नरकसा स्थित सूरज गार्ड के निकट निवासी सेवानिवृत्त लेखपाल अश्वनी सक्सेना के पुत्र ऋषभ सक्सेना को 15,000 रुपये रिश्वत लेते पकड़ लिया था। इसके अलावा दिसंबर 2023 में कायमगंज तहसील के कुरार में तैनात लेखपाल नरेश कुमार को एंटी करप्शन टीम ने रोडवेज बस अड्डा के पास ढावा पर नेत्रपाल से रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। रिश्वत लेते कानूनगो और लेखपाल की गिरफ्तारी के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी राजस्व वादों को बिना देरी निपटाने में आनाकानी कर रहे हैं। (संवाद)
इनसेट
कानूनगो के पास एक-एक साल से पड़े मामले
अमृतपुर। तहसील में तैनात कानूनगो की पैमाइश के मामलों लेटलतीफी में सुधार नहीं हो रहा है। कटरी सथरा गांव के मुकेश चंद्र की पत्थरगढ़ी कई महीने से नहीं हो पा रही है। अमृतपुर के रामकिशोर अवस्थी, नगला हूसा के कृष्ण कुमार, दौलतपुर चकई की सुधा पांडेय, नंदकिशोर की एक-एक साल से पैमाइश पत्रावली का निस्तारण नहीं हुआ। दौलतपुर चकई की परवीन बेगम के जमीन नाम हो गई, मगर कब्जा नहीं मिला। दौलतियापुर के रामकिशन की एक साल से कानूनगो के पास पत्रावली है। लेटलतीफी आर्थिक भ्रष्टाचार की ओर इशारा करती है। (संवाद)
