तिर्वा। सड़क हादसे में बेटे की मौत के मामले में पुलिस से न्याय न मिलने पर मां को कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के धारा नगर गांव निवासी संगीता देवी पत्नी भगवानदास ने कोर्ट को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि तीन मई 2026 को बेटा सत्यम (16) गांव के ही दोस्त गोलू के साथ बाइक से सुजान सराय जा रहा था। ईशन नदी के धोबीघाट पुल के पास गोलू ने बाइक रोकी थी। इस दौरान सत्यम लघुशंका करने लगा था। तभी तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया था।
दो दिन बाद इलाज के दौरान बेटे की मौत हो गई थी। हादसे के समय साथ मौजूद गोलू ने कार को पहचान लिया था। बेटे की मौत से परिवार सदमे में था। कुछ समय बाद पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई करने से मना कर दिया।
लगातार चक्कर लगाने के बाद भी सुनवाई न होने पर उन्होंने कोर्ट की शरण ली। कोतवाल रविशंकर त्रिपाठी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर हादसे की प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
