कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बुधवार को हवासपुर चौराहे से पकड़ा गया, जिसके बाद जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
.
पुलिस को 31 अगस्त को मिली शिकायत के अनुसार, 28 अगस्त की रात महिला अपने घर के बरामदे में चारपाई पर सो रही थी। इसी दौरान गांव का विष्णु प्रताप उर्फ छोटे वहां पहुंचा और कथित तौर पर उसके साथ जबरदस्ती करने लगा।

महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसका गला पकड़ लिया और दुष्कर्म किया। इसी बीच पड़ोस की एक महिला जाग गई और उसने आरोपी को आवाज लगाई। आरोप है कि आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया।
शिकायत के आधार पर मंगलपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने बताया कि 35 साल के विष्णु प्रताप उर्फ छोटे, जो स्वर्गीय घनश्याम सिंह का बेटा है, उसे बुधवार को हवासपुर चौराहे से गिरफ्तार कर लिया गया।
बुधवार देर शाम मंगलपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
