कानपुर3 महीने पहले

  • कॉपी लिंक

कानपुर नगर निगम के टेंडरों में माफियावाद और वसूली का मामला सामने आने के बाद ताबड़तोड़ एक्शन जारी है, गुरुवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने अपने रिश्तेदारों व नजदीकियों के नाम पर फर्म बनाकर करोड़ों की ठेकेदारी करने वाले लिपिक संजय कटियार समेत 3 कर्मचारियों का ट्रांसफर कर दिया।

जबकि काम में लापरवाही पर 1 गैंगमैंन और 10 स्विचमैन को सस्पेंड कर दिया है। नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार को सस्पेंड किए गए 11 कर्मचारियों की जांच सौंपी है। खास बात यह है कि ट्रांसफर किए गए यह कर्मचारी लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात थे और नगर निगम में उनका प्रभाव भी चर्चा में है।

इन कर्मचारियों के हुए तबादले

नगर आयुक्त के आदेश के मुताबिक, अवर अभियंता दिनेश प्रसाद को कार्यालय जोनल अभियंता-2 से हटाकर जोनल अभियंता-5 के कार्यालय में तैनात किया गया है। वहीं अभियंत्रण खंड-4 में तैनात लिपिक संजय कटियार का स्थानांतरण कर उन्हें जोनल अधिकारी-6 के कार्यालय से संबद्ध किया गया है। इसी तरह वर्कशॉप कार्यालय में तैनात लिपिक रफजुल रहमान को उनके सभी दायित्वों से मुक्त करते हुए जोनल अधिकारी-2 के कार्यालय में तैनाती दी गई है।

इन कर्मचारियों को किया गया निलंबित

निलंबित कर्मचारियों में जोन-1 के मो. आसिफ, जोन-2 के शिवनंदन, जोन-3 के अशोक कुमार, जोन-4 के कलाम, शफी मोहम्मद और दीपू कश्यप हैं। इसी तरह जोन-6 के उत्तम चंद्र, घनश्याम कुमार, रोहिताश दीक्षित, अनिल कुमार और रमेश चंद्र शामिल हैं। इसमें अशोक कुमार गैंगमैन और अन्य कर्मचारियों स्विचमैन हैं। नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार को मामले में जांच अधिकारी नियुक्त किया है।

कानपुर नगर निगम में बुधवार को टेंडर घोटाले की एसआईटी जांच करने पहुंची थी।

कानपुर नगर निगम में बुधवार को टेंडर घोटाले की एसआईटी जांच करने पहुंची थी।

पार्षदों ने स्ट्रीट लाइट का उठाया था मुद्दा

पिछले दिनों जोन की बैठकों के दौरान पार्षदों ने प्रमुखता से खराब स्ट्रीट लाइट का मुद्दा उठाया था। नगर आयुक्त ने बताया कि निलंबित किए गए कर्मचारियों के खिलाफ शहर में स्ट्रीट लाइट से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। कई मामलों में मोबाइल पर शिकायत का निस्तारण दिखा दिया गया, जबकि मौके पर समस्या बनी रही।

लिपिक संजय कटियार का रिश्तेदार कर रहा ठेकेदारी

लिपिक संजय कटियार को लेकर भी नगर निगम में उनके प्रभाव की चर्चा है। नगर आयुक्त कार्यालय में साल 2016 से डटे संजय कटियार का पेपरों में ट्रांसफर हो जाता है, लेकिन नगर आयुक्त कार्यालय में ही इनका दखल बराबर रहता है। उनके साले राजेश कुमार की फर्म श्रीबालाजी कंस्ट्रक्शन, जानकी कंस्ट्रक्शन और अंश कंस्ट्रक्शन नगर निगम में पंजीकृत है और ठेकेदारी का काम कर रही है। इसी तरह नगर आयुक्त कार्यालय में तैनात रुपेंद्र कुमार के भाई कमलेश भी जोन-5 में ठेकेदारी करते हैं। कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात राजेश गुप्ता का भाई भी मार्ग प्रकाश विभाग में ठेकेदारी करता है।

नगर निगम में टेंडर प्रक्रिया को लेकर चल रही जांच के बीच इन तबादलों और निलंबन को लेकर नगर निगम में गुरुवार को दिनभर चर्चा रही। नगर निगम में केवल ठेकेदारों का ही प्रभाव नहीं है, बल्कि कुछ बाबू, इंजीनियर और अधिकारियों के स्तर पर भी ठेका कंपनियों से संबंधों की शिकायतें सामने आई हैं। कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों के रिश्तेदारों के नाम पर फर्में बनाकर नगर निगम में ठेके लिए जा रहे हैं।

अधिकारियों ने अपने रिश्तेदारों के नाम पर बनाई फर्में

पुलिस को छह और शिकायतें बुधवार को मिली थी, जिनमें आरोप लगाया गया है कि न सिर्फ कॉन्ट्रैक्टर, बल्कि नगर निगम के क्लर्क भी करोड़ों की कीमत वाली कंपनियां चला रहे हैं। इतना ही नहीं कुछ इंजीनियर और अधिकारी भी अपने रिश्तेदारों के नाम पर फर्म बनाकर ठेका हासिल कर रहे हैं। इन शिकायतों की जांच के लिए स्टाफ ऑफिसर योगेश कुमार को नियुक्त किया गया है।

हर टेंडर में 40% कमीशन बांटने का दावा

जांच में नगर निगम के टेंडरों में कमीशन के खेल का भी खुलासा हुआ है। हर टेंडर में अकाउंटेंट से लेकर अफसरों तक करीब 40 प्रतिशत कमीशन पहले ही बांट लिया जाता था। इसके बाद ठेकेदार का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा अलग रहता था। बची रकम में ही निर्माण कार्य कराया जाता था। इसी वजह से कई कामों की गुणवत्ता प्रभावित हुई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने नगर निगम में टेंडर प्रक्रिया के भ्रष्टाचार का खुलासा किया था।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने नगर निगम में टेंडर प्रक्रिया के भ्रष्टाचार का खुलासा किया था।

छह मुकदमे दर्ज, दो ठेकेदार गिरफ्तार

हाटमिक्स प्लांट और नगर निगम के ठेकों में धांधली के मामले में पुलिस ने अब तक छह मुकदमे दर्ज किए हैं। इनमें पांच मुकदमे नगर निगम की ओर से दर्ज कराए गए, जबकि एक मुकदमा किदवई नगर वाई-ब्लॉक निवासी ठेकेदार सनी सिंह भदौरिया ने कराया था। सनी सिंह की तहरीर पर ठेकेदार गोविंद शर्मा, संदीप जैन और रज्जन बाजपेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने रज्जन बाजपेई और संदीप जैन को गिरफ्तार कर लिया है।



Source link

अभी अभी की खबरें