कन्नौज जिले में गरीबी, बेबसी और लोकलाज का डर इंसान से क्या-क्या न करा दे! विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में आर्थिक तंगी से जूझ रही एक विधवा महिला ने बदनामी के डर से अपनी ही कोख से जन्मे नवजात जुड़वां बच्चों (एक बेटा और एक बेटी) को खुद से अलग कर दिया और गांव छोड़कर कहीं चली गई।
चर्चा है कि दोनों बच्चों को महिला ने 1.80 लाख रुपये में बेच दिया है। यह मामला इन दिनों इलाके में चर्चाओं में है। ग्रामीणों के अनुसार, महिला कई साल पहले अपने पति और सात बच्चों के साथ मजदूरी करने जयपुर गई थी। करीब छह साल पहले सड़क हादसे में पति की मौत हो गई, जिसके बाद तीन बेटों और चार बेटियों के पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी महिला के कंधों पर आ गई।
