उकासा टोल के पास हादसा, पुलिस ने वाहन में फंसे दोनों घायलों को निकाला
संवाद न्यूज एजेंसी
आटा। झांसी-कानपुर हाईवे पर उकासा टोल के पास शुक्रवार शाम आगे चल रहे डंपर से टक्कर बचाने के प्रयास में मौसमी से लदी डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंदक में पलट गई। हादसे में चालक और खलासी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची आटा थाना पुलिस ने दोनों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, उन्नाव निवासी सुजीत कुमार (35) डीसीएम चला रहे थे, जबकि जनमेजय (19) खलासी था। दोनों महाराष्ट्र की पछौर मंडी से डीसीएम में मौसमी लादकर लखनऊ जा रहे थे। शुक्रवार शाम करीब चार बजे उकासा टोल के पास आगे चल रहे डंपर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। डंपर से टक्कर बचाने के लिए सुजीत ने डीसीएम को सड़क किनारे मोड़ा, तभी वाहन अनियंत्रित होकर खंदक में पलट गया।
हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। आटा थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा और संकटमोचन चौकी प्रभारी नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वाहन में फंसे चालक और खलासी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
आवारा जानवर से टकराई बाइक, मां-बेटे घायल
जालौन। कोतवाली क्षेत्र में कोंच रोड पर आरआरसी सेंटर के पास शुक्रवार शाम सड़क पर अचानक आए आवारा जानवर से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार मां-बेटे घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
भिटारा निवासी पिंटू शुक्रवार शाम करीब छह बजे अपनी मां उमा देवी के साथ कोंच से जालौन की ओर आ रहे थे। आरआरसी सेंटर के पास अचानक सड़क पर आवारा जानवर आ गया। इससे बाइक टकरा गई और दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। (संवाद)
