उन्नाव कटरा मार्ग पर सांडी थाना क्षेत्र में मकसूदपुर मोड़ के पास बोलेरो ने बाइक सवार को टक्कर मारदी। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। युवक पत्नी और नवजात से मिलकर ससुराल से वापस घर जा रहा था। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के धौरहरा निवासी दीपचंद्र (24) खेती करता था। पिता श्रीराम ने बताया कि दीपचंद्र की ससुराल बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के नकवापुर में है।
गर्भवती होने के कारण दीपचंद्र की पत्नी अमिका देवी मायके चली गई थी। 15 दिन पहले उसने बेटे को जन्म दिया था। बेटे के जन्म के बाद से दीपचंद्र अक्सर ससुराल चला जाता था। शुक्रवार को भी वह बाइक से ससुराल गया था। शनिवार रात वह वापस अपने गांव जा रहा था। उन्नाव-कटरा मार्ग पर मकसूदपुर मोड़ के पास बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने बाइक के पंजीकरण नंबर के आधार पर परिजनों को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक समर बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
