Dead Employee and Jailed Teacher Attendance Cases Raise Questions Over Double Standards in Agra Education Depa

बीएसए आगरा
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

आगरा में बेसिक शिक्षा विभाग में मानव संपदा पोर्टल पर उपस्थिति लॉक करने के मामलों में कार्रवाई का अलग-अलग पैमाना सामने आया है। एक मामले में मृत कर्मचारी की तीन महीने तक उपस्थिति प्रमाणित होने और उसके नाम पर वेतन आहरण की प्रक्रिया जारी रहने पर उच्च प्राथमिक विद्यालय कागारौल प्रथम के इंचार्ज प्रधानाध्यापक सत्यपाल सिंह को निलंबित कर दिया गया, जबकि फतेहपुर सीकरी के सांथा कंपोजिट विद्यालय में जेल में बंद शिक्षक की 10 महीने तक पोर्टल पर उपस्थिति लॉक होती रही। फिर भी संबंधित प्रधानाध्यापिका के खिलाफ न तो जांच शुरू हुई और न ही कोई कार्रवाई की गई।


कागारौल प्रथम स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लखन सिंह की पांच अगस्त 2026 को मौत हो गई थी। इसके बाद भी अगस्त, सितंबर और अक्तूबर तक मानव संपदा पोर्टल पर उनकी उपस्थिति प्रमाणित होती रही। मृत कर्मचारी के नाम से वेतन आहरण की प्रक्रिया भी जारी रही। इस मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने 17 नवंबर को इंचार्ज प्रधानाध्यापक सत्यपाल सिंह को निलंबित कर दिया। आदेश में उन पर कर्मचारी की मौत की सूचना तत्काल अधिकारियों को नहीं देने, वास्तविक उपस्थिति का सत्यापन किए बिना मानव संपदा पोर्टल पर प्रमाणित करने और वेतन आहरण की अनियमितता रोकने के लिए कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए गए हैं।

दूसरा मामला अमर उजाला ने 30 अक्तूबर को उठाया था, जो फतेहपुर सीकरी के उच्च प्राथमिक विद्यालय सांथा का है। यहां तैनात सहायक अध्यापक मनोज कुमार छह अक्तूबर 2025 से दहेज हत्या के आरोप में जेल में निरुद्ध हैं। तत्कालीन बीएसए ने 27 अक्तूबर 2025 को उन्हें निलंबित कर दिया था। इसके बावजूद प्रधानाध्यापिका विमला लगातार नवंबर 2025 से अगस्त 2026 तक मानव संपदा पोर्टल पर जेल में बंद शिक्षक की उपस्थिति लॉक करती रहीं। खबर प्रकाशित होने पर प्रधानाध्यापिका विमला ने बिल बाबू पर ही सब डाल दिया कि बिल बाबू ने उपस्थिति लॉक करने के लिए कहा था और कार्यालय से संशोधन पत्र लगाया जाएगा। इस मामले में तत्कालीन बीएसए ने जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रधानाध्यापिका के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई सामने नहीं आई है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि कागारौल प्रथम विद्यालय के मामले में प्रधानाध्यापक की लापरवाही सामने आने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। सांथा कंपोजिट विद्यालय का मामला भी गंभीर था। इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। 

 



Source link