जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। बिजली उपभोक्ताओं को दिसंबर में राहत मिलने जा रही है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने दिसंबर 2026 के बिजली बिलों के लिए फ्यूल एंड पावर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज (एफपीपीएएस) की दर -3.32 प्रतिशत निर्धारित की है।
इससे जिले के करीब 11.87 लाख बिजली उपभोक्ताओं के बिलों में सरचार्ज की राशि कम होगी। खास बात यह है कि इसका लाभ घरेलू, वाणिज्यिक और औद्योगिक समेत सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं को मिलेगा।
तीनों जोन में 600 करोड़ रुपये से अधिक का असेसमेंट
जिले में विद्युत निगम के तीनों जोन में हर महीने करीब 600 करोड़ रुपये से अधिक का करंट असेसमेंट तैयार होता है। जोन-एक में लगभग 150 करोड़, जोन-दो में 150 करोड़ और जोन-तीन में करीब 300 करोड़ रुपये का मासिक असेसमेंट है।
ऐसे में एफपीपीएएस की दर में कमी का लाभ जिले के लाखों उपभोक्ताओं तक पहुंचेगा। इस राशि पर सीधे 3.32 प्रतिशत की गणना करने पर करीब 20.38 करोड़ रुपये की राहत मिलेगी।
बिजली खरीद लागत कम होने से मिलेगी राहत
इस संबंध में अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार सिंह ने बताया कि एफपीपीएएस कोई स्थायी शुल्क नहीं है, यह हर माह बदलता रहता है।
उन्होंने बताया कि नियामक व्यवस्था के तहत किसी माह का एफपीपीएएस लगभग तीन माह पहले की बिजली खरीद लागत के आधार पर तय किया जाता है।
ऐसे में सितंबर में लागत कम रहने का लाभ दिसंबर के बिलों में उपभोक्ताओं को मिलेगा। एफपीपीएएस के माइनस होने का मतलब यह है कि बिजली खरीद की लागत अनुमान से कम रही।
ऐसे में उपभोक्ताओं के ऊर्जा प्रभार (एनर्जी चार्ज) में समायोजन किया जाएगा और बिल पर अतिरिक्त बोझ पड़ने के बजाय राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में ‘नो पीयूसीसी-नो फ्यूल’ की कवायद तेज, शहर के 143 पेट्रोल पंपों पर लगाए जाएंगे ANPR कैमरे
