किशनपुर। दहेज में 10 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर महिला को ससुरालियों ने पीटकर घर से निकाल दिया। महिला ने पति समेत चार ससुरालियों के खिलाफ शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी थाना क्षेत्र के ही एक गांव के रहने वाले युवक के साथ हुई थी। शादी बाद ससुराली दहेज में 10 लाख रुपये की मांग की। मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित किया। उसे 24 अप्रैल को पीटकर घर से निकाल दिया। पंचायत में 10 लाख रुपये देने की बात पर ससुराली उसे साथ ले गए। रुपये न मिलने पर प्रताड़ित करने लगे। उसके साथ 13 अगस्त की रात देवर ने कमरे में घुसकर छेड़छाड़ की। शिकायत पर ससुर ने भी उसे गाली-गलौज व अश्लील हरकत की। विरोध पर उसे पति, सास, ससुर, देवर ने अगस्त माह में पीटकर घर से निकाल दिया। बिना दहेज के लौटने पर जान से मारने की धमकी दी। इसकी 11 नवंबर को पक्षों के बीच पंचायत हुई। पंचायत के बाद भी कोई हल नहीं निकला। थानाध्यक्ष मनीष सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। (संवाद)
