ठठिया। युवक ने गुम हुए मोबाइल का दुरुपयोग कर उसके भाई के बैंक खाते से 90 हजार रुपये ट्रांसफर करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थानाक्षेत्र के उमगरा गांव निवासी अजीत सिंह ने बताया कि 21 नवंबर को उनका मोबाइल कहीं गिर गया था। मोबाइल गांव के ही एक व्यक्ति को मिल गया। आरोप है कि मोबाइल का लॉक खोलकर उसमें मौजूद बैंकिंग सुविधा के माध्यम से अजीत के भाई के खाते से 90 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए गए। मामले की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बैंक जाकर खाते की जानकारी की और जिस खाते में रुपये ट्रांसफर किए गए थे, उसे बंद करा दिया।
खाता बंद होने के बाद आरोपी मोबाइल वापस करने आया। पीड़ित का कहना है कि मोबाइल वापस करते समय आरोपी ने रुपये के लेनदेन की बात भी कबूली है। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि बैंक स्टेटमेंट और ट्रांजेक्शन की डिटेल निकलवाई जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि रुपये किस खाते में गए और किसने ट्रांसफर किए। मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन की भी जांच की जा रही है। सत्यता पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
