मोहम्मदाबाद। गांव बिड़ैल निवासी मातादीन उर्फ रज्जन की हत्या के मामले में परिजनों का रवैया पुलिस के लिए पहेली बना है। हत्या की पुष्टि होने के बावजूद परिवार की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस दो बार घर पहुंचकर परिजनों से तहरीर देने का आग्रह कर चुकी है, लेकिन शुक्रवार शाम तक किसी ने तहरीर नहीं दी। ऐसे में पुलिस के सामने जांच को आगे बढ़ाने की चुनौती है।

मातादीन बुधवार दोपहर करीब तीन बजे दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकले थे। उसी रात करीब 9:30 बजे उनका शव गांव से दो किलोमीटर दूर इटावा-बरेली हाईवे पर दरौंदी मोड़ के पास मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। शरीर पर खरोंच के निशान भी मिले थे। आशंका है कि उनकी हत्या कहीं और करने के बाद शव हाईवे किनारे फेंका गया।

इस मामले में परिजनों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। मातादीन अविवाहित थे और भाई के साथ रहते थे। भाई ने किसी से विवाद या रंजिश की बात नहीं बताई थी। पुलिस शुक्रवार को भी उनके घर पहुंची और भाई व भतीजे से तहरीर देने को कहा, लेकिन परिवार ने तहरीर नहीं दी।

उधर, पुलिस ने जांच के लिए सर्विलांस का सहारा लिया है। घटनास्थल के आसपास सक्रिय रहे कुछ मोबाइल नंबरों को ट्रेस कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। मातादीन के करीबी लोगों की गतिविधियों की भी निगरानी की जा रही है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि कुछ दिन पहले मातादीन ने अपने हिस्से की जमीन बेचने की चर्चा की थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा के अनुसार, परिजनों से तहरीर मांगी गई है। शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link