गाजियाबाद की एटीएस एडवांटेज सोसायटी में शनिवार सुबह युवक की 23वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। उसका शव पहली मंजिल के फ्लैट की बालकनी में जाकर अटक गया। घटना के बाद सोसायटी में हड़कंप मच गया। पुलिस की शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका है।
.
इंदिरापुरम ज्ञानखंड-3 निवासी तरुण (35) के पिता जगदीश प्रसाद ने बताया कि करीब तीन साल से मानसिक रूप से परेशान था। उसका दिल्ली के इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड अलाइड साइंसेज (IHBAS) में इलाज चल रहा था। परिवार आमतौर पर उसे अकेले घर से बाहर नहीं निकलने देता था।

घर से चुपचाप निकला था तरुण
पिता ने बताया कि घर में उनके और तरुण के अलावा उनकी पत्नी और एक बेटा रहता है। उनके दोनों बेटों की शादी नहीं हुई है। वो पिछले साल भारत प्राइवेट लिमिटेड से सेवानिवृत्त हुए हैं। शनिवार सुबह तरुण परिवार की नजरों से बचकर निकला। घर में उसका भाई सो रहा था, और वो चुपचाप घर से निकल गया। घर वालों को उसके जाने का पता चला तो वो उसे तलाशने लगे। मोबाइल पर कई बार फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया।
पहले गेट नंबर-4 से जाने की कोशिश की
घर से निकलने के बाद तरुण एटीएस एडवांटेज सोसायटी के पास पहुंचा। उसने गेट नंबर-4 से अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन वहां तैनात गार्ड की नजर उस पर पड़ गई। इसके बाद वह कुछ देर सोसायटी के बाहर सड़क पर घूमता रहा। कुछ समय बाद वह गेट नंबर-5 से चुपचाप सोसायटी के अंदर दाखिल हो गया। गेट नंबर-5 के पास ही टावर नंबर-10 स्थित है।
लिफ्ट से अकेले 23वीं मंजिल पर पहुंचा
सोसायटी में दाखिल होने के बाद तरुण टावर नंबर-10 में पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, वह लिफ्ट से अकेले 23वीं मंजिल पर गया। इसके बाद उसने वहां से छलांग लगा दी। गिरने के दौरान वह पहली मंजिल के फ्लैट की बालकनी में जा गिरा और वहीं अटक गया। जानकारी मिलते ही सोसायटी के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने परिवार को दी मौत की सूचना
इंदिरापुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तरुण की जेब से बरामद मोबाइल से उसके परिवार से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
CCTV की फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब सोसायटी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि तरुण घर से निकलने के बाद किस रास्ते से सोसायटी तक पहुंचा। गेट नंबर-4 पर गार्ड द्वारा रोके जाने, गेट नंबर-5 से सोसायटी में प्रवेश करने और टावर नंबर-10 की लिफ्ट से 23वीं मंजिल तक जाने की पूरी गतिविधि भी CCTV से जांची जा रही है।
