फतेहपुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो किशोरियों और एक युवती के लापता होने के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की है।

सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी मंगलवार को घर से बिना बताए कहीं चली गई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। थानाध्यक्ष एसके सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश की जा रही है। थरियांव थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण के अनुसार उनकी 17 वर्षीय बेटी बृहस्पतिवार को स्कूल गई थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। थानाध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

हथगाम थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण ने आरोप लगाया कि उनकी 18 वर्षीय बेटी को संग्रामगढ़ गांव निवासी उमाशंकर बहलाकर ले गया है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर युवती की तलाश की जा रही है। (संवाद)



Source link