यूपी के कन्नौज में 18 साल के B.Sc. छात्र की बोलरो से रौंदकर हत्या कर दी गई। गुरुवार रात चाय की दुकान पर कुछ लोगों के बीच हंसी मजाक चल रहा था। इसी बीच अरविंद सिंह और श्याम सिंह नाम के 2 लोगों के बीच विवाद होने लगा। श्याम ने कहा- मुझे पहचानते नहीं हो क
.
देखते ही देखते दोनों के बीच बहस होने लगी। B.Sc. छात्र आशीष उर्फ भोलू समेत 6 लोग वहीं खड़े होकर विवाद देख रहे थे। तभी दोनों ने अपने-अपने दोस्तों को बुला लिया। श्याम के साथी बोलेरो से पहुंचे तो उसने कहा- इस पर गाड़ी चढ़ा दो। मुझसे जुबान लड़ा रहा था। सुनते ही साथी ने तेज रफ्तार में बोलेरो आगे बढ़ा दी।
अरविंद तो कूदकर बोलेरो के सामने से हट गया, लेकिन आशीष समेत 6 लोग चपेट में आ गए। चीख-पुकार मची तो श्याम साथियों के साथ फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर्स ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। 5 का इलाज चल रहा है। वारदात सदर कोतवाली क्षेत्र से 8 किमी दूर महमूदपुर पैठ गांव की है।
पहले दो विजुअल देखिए

वारदात के बाद एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

रामपुर गांव के रहने वाले अर्पित सिंह ने वारदात के बारे में बताया।
अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए-
- सदर कोतवाली के गांव रामपुर के रहने वाले अरविंद सिंह कोल्ड स्टोरेज में अपना आलू देखकर गुरुवार रात करीब 9 बजे वापस लौट रहे थे। घर से डेढ़ किमी दूर चाय की दुकान पर रुक गए और वहां बैठे लोगों से बातचीत करने लगे। दुकान पर महमूदपुर पैठ गांव का मटरू उर्फ श्याम सिंह, रामपुर का आशीष सिंह (भोलू) समेत कुछ लोग पहले से बैठे थे। हंसी-मजाक के दौरान श्याम की अरविंद से बहस हो गई। मामला इतना बढ़ा कि मारपीट शुरू हो गई।
- रामपुर गांव के रहने वाले प्रत्यक्षदर्शी अर्पित सिंह ने बताया- मारपीट के दौरान अरविंद और श्याम ने फोन करके अपने-अपने गांव के युवकों को मौके पर बुला लिया। इस बीच मैं, भोलू और अन्य लोग बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराने लगे। तभी श्याम का भतीजा अंकित, पंकज, पवन, आशीष और शुभम सिंह बोलेरो से पहुंच गए।
- अंकित ने अरविंद को कुचलने के इरादे से बोलेरो आगे बढ़ा दी, लेकिन वो बच गया। इस बीच, बोलेरो बेकाबू हो गई और आशीष समेत 6 लोगों को कुचलते हुए खंभे से टकरा गई। अर्पित ने आरोप लगाया कि अंकित ने 2 बार आशीष पर बोलेरो चढ़ाई। इस वजह से वह बच नहीं सका। घायलों की पहचान जाफरीन नाम की महिला समेत पृथ्वी सिंह, शिवा, आदित्य और राकेश दोहरे के रूप में हुई है।

घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के महमूदपुर पैठ गांव की है।
एक हफ्ते पहले ही लिया था एडमिशन
रामपुर गांव निवासी आशीष उर्फ भोलू के पिता मालिखान सिंह किसान है। परिवार की 8 बीघा जमीन पर खेती कर घर चलाते हैं। बड़ा भाई पास के ही ताज ब्रिक फील्ड (ईंट भट्टे) के पास छोटी सी परचून की दुकान चलाता है। उसकी 3 बहनें पढ़ाई कर रही हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है।
करीब एक सप्ताह पहले ही आशीष ने एग्रीकल्चर से बीएससी करने के लिए फर्रुखाबाद जिले में मोहम्मदाबाद स्थित मेजर एसडी सिंह यूनिवर्सिटी में एडमिशन लिया था। मृतक के चचेरे भाई आदित्य सिंह ने श्याम सिंह के अलावा अंकित सिंह, पंकज, पवन, आशीष तोमर और शुभम सिंह के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने सभी 6 आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं के केस दर्ज किया है।

आशीष उर्फ भोलू की रौंदकर हत्या कर दी गई।
एसपी विनोद कुमार ने बताया-

दो पक्षों के विवाद में एक युवक ने दूसरे पर बोलेरो चढ़ा दी। जिससे एक छात्र की मौत हुई है। सभी आरोपी फरार हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

———–
ये खबर भी पढ़ें
बैंक मैनेजर ने चलती कार में गोली मारी, मौत:जौनपुर में दिल के पास तमंचा सटाकर फायर किया, बुलेट पीठ चीरते हुए सीट में घुसी

जौनपुर में यूनियन बैंक के मैनेजर ने गुरुवार देर रात सुसाइड कर लिया। उन्होंने चलती कार में दिल के पास तमंचा सटाया और गोली मार ली। बुलेट पीठ को चीरते हुए सीट में जा धंसी। गोली लगने के बाद टाटा सिएरा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। पूरी खबर पढ़ें
