Political Families in UP: यूपी चुनाव की सियासी बिसात बिछने लगी है। राजनीतिक दलों के साथ ही क्षेत्र के पुराने राजनीतिक घरानों में भी भविष्य की तैयारी शुरू हो गई है। दशकों तक राजनीति में अपनी पहचान और प्रभाव रखने वाले वरिष्ठ नेता अब अपनी अगली पीढ़ी को सियासी मैदान में स्थापित करने की कोशिशों में जुटे हैं।
यही वजह है कि गोरखपुर और आसपास के जिलों में इस बार चुनावी मुकाबला केवल दलों और प्रत्याशियों के बीच नहीं, बल्कि राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की कोशिशों के लिहाज से भी दिलचस्प होता दिखाई दे रहा है।
इसकी झलक कई विधानसभा क्षेत्रों में दिखने लगी है। चिल्लूपार में अष्टभुजा शुक्ल भाजपा से टिकट के प्रबल दावेदार के रूप में क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह तेलंगाना राज्य में मौजूदा राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के भतीजे है, उन्हें राजनीतिक प्रभाव वाले परिवार से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, पूर्व सांसद और विधान परिषद के उपसभापति रहे भीष्म शंकर तिवारी के बेटे ईशान शंकर तिवारी सिद्धार्थनगर में अपने समर्थकों और पुराने राजनीतिक संपर्कों के बीच सक्रियता बढ़ा रहे हैं।
गोरखपुर ग्रामीण के पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव के बेटे विशाल भी विदेश से पढ़ाई पूरी करने के बाद मेहदावल और गोरखपुर ग्रामीण क्षेत्र में लोगों से संपर्क कर रहे हैं। उनकी सक्रियता को राजनीतिक विरासत की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
